विश्व पर्यावरण दिवस पर डॉ. जैक्स वीन नेशनल स्कूल में वृक्षारोपण एवं सफाई अभियान

पर्यावरण संरक्षण की अनूठी पहल — प्लास्टिक वेस्ट से बनाई ईको ब्रिक्स
गुप्तकाशी। विश्व पर्यावरण दिवस पर डॉ. जैक्स वीन नेशनल स्कूल गुप्तकाशी में छात्र छात्राओं एवं गुरुजनों द्वारा वृक्षा रोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सेवा इंटरनेशनल द्वारा ऑनलाइन वेबनार के माध्यम से बच्चों एवं शिक्षकों को पर्यावरण संरक्षण की जानकारी साझा की गई।
विद्यालय प्रधानाचार्य लखपत सिंह राणा के नेतृत्व में समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं की उपस्थिति में छात्र-छात्राओं ने विद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया। इस अभियान के तहत विद्यालय परिसर में फैले कूड़े को एकत्रित किया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने निर्माण कार्य में भी बढ़-चढ़कर श्रमदान किया। कार्यक्रम विद्यालय की जीव विज्ञान प्रवक्ता कविता दुमागा द्वारा छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को प्लास्टिक वेस्ट से ईको ब्रिक्स बनाने की व्यावहारिक जानकारी दी। श्रीमती कविता ने बताया कि खाली प्लास्टिक बोतलों में प्लास्टिक कचरा भरकर ईको ब्रिक्स तैयार की जा सकती हैं, जिससे प्लास्टिक इधर-उधर नहीं फैलता। उन्होंने विद्यार्थियों के साथ मिलकर पहले से तैयार की गई प्लास्टिक ब्रिक्स का प्रदर्शन किया और बच्चों को व्यावहारिक रूप से बनाना भी सिखाया।इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने विद्यालय परिसर में फूलों के पौधे, घास एवं फलदार वृक्ष रोपे तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया। प्राचार्य लखपत सिंह राणा ने कहा कि”पर्यावरण की रक्षा करना केवल एक दिन का कार्य नहीं, बल्कि यह हमारी दैनिक जीवनशैली का अभिन्न अंग बनना चाहिए। आज हमारे विद्यार्थियों ने जो उत्साह एवं समर्पण दिखाया है, वह अत्यंत सराहनीय है। श्रमदान से लेकर पौधारोपण तक, बच्चों ने यह सिद्ध किया है कि यदि युवा पीढ़ी ठान ले तो पर्यावरण को बचाना असंभव नहीं। हमारा विद्यालय सदैव इस दिशा में प्रयासरत रहेगा और हम चाहते हैं कि यहाँ से प्रशिक्षित होकर जाने वाला प्रत्येक विद्यार्थी एक जिम्मेदार और पर्यावरण-प्रेमी नागरिक बने।”श्रीमती कविता दुमागा जीव विज्ञान प्रवक्ता ने कहा कि”आज प्लास्टिक प्रदूषण हमारी सबसे बड़ी पर्यावरणीय चुनौतियों में से एक है। ईको ब्रिक्स इस समस्या का एक सरल, सस्ता और प्रभावी समाधान है। हर घर में निकलने वाले प्लास्टिक कचरे को यदि हम बोतलों में भरकर ब्रिक्स का रूप दें, तो न केवल प्लास्टिक का फैलाव रुकेगा बल्कि ये ब्रिक्स निर्माण कार्य में भी उपयोगी हो सकती हैं। मैं चाहती हूँ कि प्रत्येक बच्चा यह तकनीक अपने घर तक ले जाए और परिवार को भी इससे जोड़े। यही सच्ची पर्यावरण सेवा होगी।”इस सार्थक कार्यक्रम में सेवा इंटरनेशनल के जितेन्द्र पुरोहित, विद्यालय के सुरेंद्र सिंह राणा,मनीष डिमरी, प्रियदीप नेगी,बिनोद गैरोला, ज्योति असवाल, बीना चौहान, संगीता दानू, रविंद्र सिंह नेगी,तृप्ति सेमवाल आदि शिक्षक-शिक्षिकाएँ, व छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। इस प्रकार के आयोजन न केवल विद्यार्थियों में पर्यावरण चेतना जागृत करते हैं, बल्कि उन्हें एक स्वस्थ एवं स्वच्छ भविष्य के निर्माण के लिए भी प्रेरित करते हैं।



