मां नानतोली देवी मंदिर पहुंची मां महिष मर्दिनी की देवरा यात्रा, दो शक्तियों का मिलन देख भक्त हुए भावविभोर

मां नानतोली देवी मंदिर पहुंची मां महिष मर्दिनी की देवरा यात्रा, दो शक्तियों का मिलन देख भक्त हुए भावविभोर
फाटा (रूद्रप्रयाग)। नौजुला मैखंडा की आराध्य सिद्धपीठ मां महिष मर्दिनी देवी की देवरा यात्रा दो दिन खड़िया गाँव में निवास करने के बाद तीसरे दिन रात्रि विश्राम के लिए मंदिर पुजारियों के गांव धारगांव पहुंची। गांव में सभी ने माता की डोली का पुष्प अक्षतों से भव्य स्वागत किया।
15 वर्षों बाद देवरा यात्रा पर निकली सिद्धपीठ मां महिष मर्दिनी देवी गांव – गांव में अपने भक्तों को आशीर्वाद देते हुए आगे बढ़ रही है। इन दिनों फाटा क्षेत्र के गांवों में रौनक बनी हुई है गांवों में उत्सव जैसा नजारा देखने को मिल रहा है। माता के गांव पहुंचने का ग्रामीण बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
बता दें, गत बुधवार को माता दो दिनों तक खड़िया गाँव में निवास करने के पश्चात रविग्राम होते हुए देर सांय रात्रि विश्राम के लिए धारगांव पहुंची। इस दौरान ग्रामीणों ने पुष्प अक्षतों से माता की डोली का भव्य स्वागत किया। रात्रि में माता का जागरण किया गया।
गुरुवार को प्रातः पुजारी द्वारा माता की डोली की पूजा की गई , तत्पश्चात नर रूप में अवतरित माता के पाश्र्व का आदेश मिलते ही माता की डोली आगे बढ़ने लगी। प्रातः धरगांव के पंचायती चौक में ग्रामीणों ने सामूहिक अर्ग लगाया। इस दौरान माता के जयकारों ओर भजनों से वातावरण भक्ति मय बन बैठा। उसके बाद माता की डोली ने घर – घर जाकर कर अपने भक्तों की कुशलक्षेम पूछी।
गांव में भ्रमण के बाद माता की डोली अपनी बहन सिद्धपीठ मां नानतोली के मंदिर के लिए प्रस्थान हुई , घने जंगल ओर प्रकृति की गोद में बसा माता का मंदिर एक दिव्य स्थान है ,जहां भक्त पहुंचते ही आनंदित हो उठे, माता की डोली ज्योंही मंदिर क्षेत्र में पहुंची नृत्य करने लगी माता की डोली ने चारों ओर की परिक्रमा कर मंदिर में प्रवेश किया ये दृश्य देख सभी भक्त प्रफुल्लित हो उठे, चारों माता के जयकारों का उदघोष सुनाई देने लगा। मंदिर में पुजारी द्वारा पूजा की गई उसके पश्चात माता की डोली वहां से प्रस्थान कर, क्षेत्र के कुल पुरोहितों के गांव गांव रविग्राम पहुंची गांव में घर – घर पहुंचकर माता ने भक्तों की कुशल क्षेम पूछी।
रविग्राम में भ्रमण के बाद माता अपने अगले रात्रि पड़ाव के लिए रवाना हुई। देर सांय माता की डोली खाट गांव पहुंची जहां ग्रामीणों ने पुष्प वर्षा कर माता की डोली का भव्य स्वागत किया। इस दौरान देवरा यात्रा समिति अध्यक्ष दर्शन सिंह गुसाई, पुजारी ओमप्रकाश सेमवाल, सुनील सेमवाल, प्रवीण सेमवाल, आचार्य रामकृष्ण जमलोकी, सचिव धीरेंद्र सिंह रावत, शंकर प्रसाद तिवारी, विष्णुकांत कुर्मांचली, राम प्रकाश, नवीन सजवान सहित बड़ी संख्या में देवरा यात्री एवं ग्रामीण व भक्त मौजूद रहे।



