
लक्ष्मण सिंह नेगी।
ऊखीमठ ब्लॉक सभागार में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की धूम, कैबिनेट मंत्री भरत चौधरी ने किया प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन ।
ऊखीमठ। युवा कल्याण विभाग एवं प्रान्तीय रक्षक दल के तत्वावधान में ऊखीमठ ब्लॉक सभागार में युवा महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। महोत्सव में विभिन्न सांस्कृतिक दलों, महिला मंगल दलों तथा विद्यालयों के नौनिहालों ने प्रतिभाग कर अपनी सांस्कृतिक प्रतिभा और हुनर का शानदार प्रदर्शन किया। लोकगीतों, लोकनृत्यों और रंगारंग प्रस्तुतियों से सभागार का वातावरण उत्साह और उल्लास से सराबोर रहा।
महोत्सव में कैबिनेट मंत्री भरत चौधरी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की, जबकि केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। राज्य मंत्री चण्डी प्रसाद भट्ट तथा राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष ऐश्वर्या रावत की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम में युवाओं की रचनात्मकता और सांस्कृतिक प्रतिभा को विशेष मंच मिला।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री भरत चौधरी ने कहा कि युवा महोत्सव ग्रामीण अंचलों की प्रतिभाओं को सामने लाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उत्तराखण्ड की लोक संस्कृति, पारम्परिक रीति-रिवाज और लोक कलाएं हमारी विशिष्ट पहचान हैं। इनके संरक्षण एवं संवर्धन में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने युवाओं से अपनी प्रतिभा को निखारने के साथ ही प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने कहा कि पहाड़ की लोक संस्कृति यहां के जनजीवन, परम्पराओं और सामाजिक एकता की पहचान है। महिला मंगल दलों और स्कूली बच्चों की प्रस्तुतियां यह दर्शाती हैं कि हमारी सांस्कृतिक विरासत नई पीढ़ी तक पहुंच रही है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार के आयोजनों से स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिलने के साथ ही युवाओं को अपनी कला प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है।
राज्य मंत्री चण्डी प्रसाद भट्ट ने कहा कि युवाओं में अपार प्रतिभा और ऊर्जा है। आवश्यकता इस बात की है कि उन्हें उचित मंच और अवसर उपलब्ध कराए जाएं। राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष ऐश्वर्या रावत ने कहा कि महिला मंगल दल ग्रामीण संस्कृति की संवाहक हैं। पारम्परिक लोकगीतों, नृत्यों और सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से महिलाएं अपनी सांस्कृतिक विरासत को जीवंत बनाए हुए हैं।
महोत्सव के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक दलों ने उत्तराखण्ड की लोक परम्पराओं पर आधारित प्रस्तुतियां दीं। महिला मंगल दलों ने पारम्परिक लोकगीतों और लोकनृत्यों से दर्शकों का मन मोहा, जबकि स्कूली नौनिहालों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से खूब तालियां बटोरीं। कार्यक्रम में युवाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी विशेष आकर्षण का केन्द्र रही।
खण्ड विकास अधिकारी अनुष्का ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, सांस्कृतिक दलों, महिला मंगल दलों, विद्यालयों के प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी ज्योति बिष्ट ने बताया कि युवा महोत्सव में विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गयी। कार्यक्रम में हर्षवर्धन बेजवाल, प्रदीप सेमवाल, कविता भट्ट व दीपक जमलोकी ने निर्णायक की भूमिका अदा की जबकि संचालन चन्द्र मोहन उखियाल व अरूण बुटोला ने संयुक्त रूप से किया। इस मौके पर ज्येष्ठ प्रमुख राकेश नेगी, भाजपा पूर्व जिलाध्यक्ष वाचस्पति सेमवाल, कार्तिकेय मन्दिर समिति अध्यक्ष बिक्रम नेगी, युवा कल्याण परिषद सदस्य राकेश भण्डारी, प्रधान संगठन ब्लॉक महामंत्री मदन भट्ट, पूर्व अध्यक्ष सुभाष रावत, क्षेत्र पंचायत सदस्य गजेन्द्र चौधरी, दर्शनी पंवार, अमित प्रदाली, सरोज देवी, भाजपा मण्डल अध्यक्ष दलवीर नेगी, प्रधान आशा देवी, पूर्व प्रधान प्रेमलता पन्त, योगेन्द्र नेगी, नन्दन सिंह रावत, रमेश नौटियाल, बलवीर राणा, अमित प्रदाली, सहायक खण्ड विकास अधिकारी बीरेन्द्र मोहन घिल्डियाल,भरत सिंह नेगी सहित विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिभागी मौजूद थे।



