उत्तराखंडफटाफट ख़बरें

रूद्रप्रयाग में मौसम अलर्ट पर अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश, आमजन से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक आवागमन से बचने की अपील

रूद्रप्रयाग। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा जारी मौसम पूर्वानुमान के दृष्टिगत जनपद रुद्रप्रयाग में आपदा प्रबंधन से संबंधित सभी अधिकारियों एवं विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी ने बताया कि दिनांक 30 अक्टूबर, 2026 को प्रदेश के विभिन्न जनपदों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली, ओलावृष्टि एवं झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना के दृष्टिगत येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम की संभावित परिस्थितियों को देखते हुए जनपद में सभी संबंधित विभागों को आवश्यक तैयारियां बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग एवं पीएमजीएसवाई के अधिकारियों को मार्ग बाधित होने की स्थिति में आवश्यक कार्रवाई करते हुए यातायात सुचारू रखने, राजस्व उपनिरीक्षकों एवं ग्राम स्तरीय अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्क रहने तथा पुलिस थानों एवं चौकियों को आपदा संबंधी उपकरणों सहित अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने मोबाइल फोन चालू रखने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध रखने को कहा गया है।

विद्यालयों में विद्यार्थियों की सुरक्षा के दृष्टिगत विशेष सावधानी बरतने, नगर एवं कस्बाई क्षेत्रों में नालियों और कलवर्टों की सफाई सुनिश्चित करने तथा प्रतिकूल मौसम के दौरान उच्च हिमालयी क्षेत्रों में पर्यटकों की आवाजाही एवं ट्रैकिंग गतिविधियों के संबंध में आवश्यक सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें, नदी-नालों एवं भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूरी बनाए रखें तथा मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करें। किसी भी आपात स्थिति में जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के दूरभाष नंबर 8958757335, 8218326386, 01364-233727 एवं टोल फ्री नंबर 1077 पर सूचना दें।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!