भारी बारिश से नेशनल हाईवे बांसवाड़ा में हुआ बंद आमजन हुए परेशान, ऊखीमठ चोपता मोटर मार्ग ताला तोक पर हो रहा भू धंसाव

लक्ष्मण सिंह नेगी।
ऊखीमठ। केदार घाटी के विभिन्न इलाको मे विगत कई दिनो से हो रही मूसलाधार बारिश से जनजीवन खासा प्रभावित हो गया है। भारी बरसात से रुद्रप्रयाग – गौरीकुंड नेशनल हाईवे बांसवाडा के समीप पहाड़ी से भारी मलवा आने से घन्टो यातायात बाधित रहा तथा बद्रीनाथ व हरिद्वार जाने वाले राहगीरो को बांसवाडा- चन्द्रनगर- मोटर वैकल्पिक मार्ग से गतव्यो तक पहुंचना पडा। कुण्ड – चोपता नेशनल हाईवे पर ताला तोक के निचले हिस्से मे भू धंसाव होने से नेशनल हाईवे पर दरारे पडने लगी हैं, जिस से मोटर मार्ग पर सफर करना जोखिम भरा हो गया है जबकि कन्था व पापड़ी तोक मे निरन्तर भूस्खलन जारी रहने से राहगीरो को चुनौतियो का सामना कर सफर करना पड रहा है।
ऊखीमठ – मनसूना – रासी मोटर मार्ग जगह – जगह कीचड मे तब्दील होने से मदमहेश्वर धाम जाने वाले तीर्थ यात्रियो व मदमहेश्वर घाटी के दर्जनो गांवो के ग्रामीणो को जान हथेली पर रखकर आवागमन करना पड रहा है। क्षेत्र मे हो रही मूसलाधार बारिश के कारण मदमहेश्वर घाटी व तुंगनाथ घाटी का तीर्थाटन, पर्यटन व्यवसाय खासा प्रभावित हो गया है। द्वितीय केदार मदमहेश्वर यात्रा के आधार शिविर गौण्डार- बनातोली मे आपदा से क्षतिग्रस्त पैदल मार्ग पर निरन्तर भूस्खलन होने से पैदल मार्ग पर सफर करना जोखिम भरा बना हुआ है। मूसलाधार बारिश के विभिन्न क्षेत्रो मे भारी भूस्खलन होने से काश्तकारो की संचित असिंचित फसलो को भारी नुकसान पहुंचने के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रो के पैदल सम्पर्क मार्गो को भी भारी नुकसान पहुंच चुका है । मूसलाधार बारिश के कारण मन्दाकिनी सहित सहायक नदियो के जल स्तर मे लगातार वृद्धि हो रही है जबकि ऊंचाई वाले इलाको के तापमान मे हल्की गिरावट महसूस होने लगी है। मिली जानकारी के अनुसार शनिवार लगभग 11 बजे रूद्रप्रयाग – गौरीकुंड नेशनल हाईवे पर बांसवाडा के निकट ऊपरी पहाडी से भारी मलवा आने से घन्टो यातायात प्रभावित रहा तथा समाचार लिखे जाने तक नेशनल हाईवे पर यातायात बहाल करने के प्रयास किये जा रहे थे। प्रधान उषाडा प्रतिपाल बजवाल ने बताया कि ताला तोक के निचले हिस्से मे आकाशकामिनी नदी के तेज बहाव से भूकटाव होने के कारण कुण्ड – चोपता नेशनल हाईवे पर दरारे पडने से हाईवे पर सफर करना चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। सामाजिक कार्यकर्ता महिपाल बजवाल ने बताया कि तुंगनाथ घाटी मे लगातार मूसलाधार बारिश होने से क्षेत्र का तीर्थाटन, पर्यटन व्यवसाय खासा प्रभावित हो गया है। ज्येष्ठ प्रमुख राकेश नेगी ने बताया कि मूसलाधार बारिश के कारण ऊखीमठ- मनसूना – रासी मोटर मार्ग जगह- जगह कीचड मे तब्दील होने से मोटर मार्ग पर सफर करना जानलेवा बना हुआ है।



