उत्तराखंडपर्यावरणफटाफट ख़बरेंरुद्रप्रयाग

तुंगनाथ-चंद्रशिला ट्रैक पर चलाया गया स्वच्छता अभियान, पुलिस और श्रद्धालुओं ने किया श्रमदान

ऊखीमठ। विश्व की सबसे ऊंचाई पर स्थित शिवालय तृतीय केदार भगवान तुंगनाथ और चंद्रशिला ट्रैक को स्वच्छ बनाए रखने को लेकर स्वच्छता अभियान चलाया गया। यह विशेष अभियान तुंगनाथ मंदिर के मुख्य पुजारी अभिषेक मैठाणी की भावपूर्ण अपील पर आयोजित किया गया था, जिसमें स्थानीय प्रशासन, पुलिस और श्रद्धालुओं ने मिलकर बढ़-चढ़कर सहयोग किया।
​मुख्य पुजारी की इस सराहनीय पहल का सम्मान करते हुए ऊखीमठ कोतवाली पुलिस, नगर पंचायत ऊखीमठ के कर्मचारियों, मंदिर समिति तुंगनाथ के पदाधिकारियों और तुंगनाथ व्यापार मंडल के सदस्यों ने मन्दिर के दर्शन हेतु आए देश-विदेश के श्रद्धालुओं और पर्यटकों के साथ मिलकर पूरे ट्रैक पर श्रमदान किया। चोपता से लेकर चंद्रशिला ट्रैक और तुंगनाथ मन्दिर परिसर के आसपास बिखरे प्लास्टिक, बोतलें, रैपर्स और अन्य कूड़े-करकट को एकत्र कर बोरों में भरा गया। इसके बाद इस पूरे कचरे को उचित निस्तारण के लिए नीचे चोपता स्थित घोड़ा स्टैंड के पास एकत्रित किया गया। ​मुख्य पुजारी अभिषेक मैठाणी, मन्दिर समिति के पदाधिकारियों, स्थानीय व्यापारियों और दर्शन हेतु आए श्रद्धालुओं द्वारा इस अभियान में रुद्रप्रयाग पुलिस की सक्रिय सहभागिता, त्वरित कार्यवाही और सहयोग की जमकर प्रशंसा की गई तथा पुलिस का धन्यवाद ज्ञापित किया गया। मुख्य पुजारी की अपील पर हुए इस सफल आयोजन से देवभूमि आने वाले तीर्थयात्रियों और पर्यटकों के बीच पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता का एक बेहद सकारात्मक संदेश गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!