देश के प्रमुख उद्योगपति मुकेश अंबानी पहुंचे केदारनाथ धाम , लिया बाबा का आशीर्वाद, देश की खुशहाली की कामना
रुद्रप्रयाग। विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम में आज देश के प्रमुख उद्योगपति मुकेश अंबानी पहुंचे। बद्रीनाथ धाम में दर्शन के बाद उन्होंने बाबा केदार के दरबार में हाजिरी लगाई। धाम पहुंचने पर तीर्थ पुरोहित समाज और बीकेटीसी ने उनका भव्य स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने बाबा केदार का जलाभिषेक और रुद्राभिषेक कर देश-दुनिया के सुख, शांति और विश्व कल्याण की कामना की।
देश के प्रसिद्ध उद्योगपति मुकेश अंबानी अपनी धार्मिक आस्था के चलते केदारनाथ धाम पहुंचे। बद्रीनाथ धाम में पूजा-अर्चना के बाद वे हेलीकॉप्टर से केदारनाथ पहुंचे, जहां तीर्थ पुरोहितों और बदरी-केदार मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
केदारनाथ मंदिर में पहुंचकर मुकेश अंबानी ने विधि-विधान से बाबा केदार का जलाभिषेक और रुद्राभिषेक किया। उन्होंने विश्व शांति, देश की समृद्धि और मानव कल्याण की कामना करते हुए विशेष पूजा-अर्चना की। पूजा के बाद उन्होंने मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं का अभिवादन भी स्वीकार किया।
मुकेश अंबानी की बाबा केदार के प्रति गहरी आस्था रही है। वे लगभग हर वर्ष केदारनाथ धाम पहुंचकर भगवान शिव के दर्शन और पूजा-अर्चना करते हैं। उनके धाम पहुंचने की सूचना मिलते ही श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में भी उत्साह का माहौल देखने को मिला।



