उत्तराखंडगांवधार्मिकफटाफट ख़बरेंरुद्रप्रयाग

कार्तिक स्वामी में 11दिवसीय महायज्ञ एवं पुराण वाचन पूर्णाहुति के साथ सम्पन्न

लक्ष्मण सिंह नेगी

ऊखीमठ। भगवान कार्तिकेय की तपस्थली कुमार लोक कार्तिक स्वामी में आयोजित 11दिवसीय महायज्ञ एवं पुराण वाचन वैदिक मंत्रोच्चार, विशेष पूजा-अर्चना और पूर्णाहुति के साथ सम्पन्न हो गया। महायज्ञ के समापन अवसर पर कुमार लोक में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। दूर-दराज क्षेत्रों से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने यज्ञ में आहुतियां अर्पित कर विश्व शांति, मानव कल्याण एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
महायज्ञ के अंतिम दिवस प्रातः काल से ही यज्ञशाला में धार्मिक अनुष्ठानों का क्रम प्रारम्भ हो गया था। विद्वान आचार्यों के सानिध्य में हवन कुंड में विशेष पूजा सामग्री से आहुतियां दी गईं तथा पूर्णाहुति संपन्न कराई गई। वैदिक ऋचाओं और धार्मिक जयघोषों से सम्पूर्ण क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा। श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में यज्ञशाला में पहुंचकर पुण्य लाभ अर्जित किया।
कार्यक्रम के दौरान पुराण वाचन एवं धार्मिक प्रवचनों में विद्वान कथावाचकों ने धर्म, संस्कृति और आध्यात्मिक मूल्यों के संरक्षण पर विशेष प्रकाश डालते हुए सनातन परंपराओं के महत्व का विस्तार से वर्णन किया। कथा श्रवण के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। समापन दिवस पर भी श्रद्धालुओं ने कथा एवं यज्ञ में सहभागिता कर आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुभव किया। पूर्णाहुति के पश्चात भगवान कुमार कार्तिकेय की चल विग्रह उत्सव मूर्तियों की विशेष पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद धार्मिक विधि-विधान एवं पारंपरिक वाद्ययंत्रों की मधुर धुनों के बीच उत्सव मूर्तियों को उनके गद्दी स्थल सुवारी ग्वास के लिए रवाना किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान कार्तिकेय के जयकारों से सम्पूर्ण वातावरण को भक्तिमय बना दिया। यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं द्वारा पुष्पवर्षा कर भगवान का स्वागत एवं विदाई की गई।

कार्तिकेय मन्दिर समिति अध्यक्ष बिक्रम सिंह नेगी ने बताया कि 11 दिनों तक चले इस धार्मिक आयोजन में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता रही। यज्ञ के माध्यम से विश्व कल्याण, पर्यावरण संरक्षण, राष्ट्र की उन्नति तथा मानव मात्र के सुख-समृद्धि की कामना की गई। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले संत-महात्माओं, विद्वान आचार्यों, जनप्रतिनिधियों, प्रशासन, क्षेत्रीय जनता एवं स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त किया। समापन अवसर पर विभिन्न जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, धार्मिक विद्वान, क्षेत्रीय पंचायत प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान कुमार लोक धार्मिक आस्था, भक्ति और आध्यात्मिक चेतना का प्रमुख केंद्र बना रहा तथा महायज्ञ के सफल समापन से क्षेत्र में हर्ष एवं उत्साह का वातावरण व्याप्त है। महायज्ञ के समापन अवसर पर प्रबंधक पूर्ण सिंह नेगी, उप प्रबंधक रमेश नेगी, सचिव बलराम सिंह नेगी, उपाध्यक्ष उत्तराज नेगी, जिला पंचायत सदस्य सम्पन्न नेगी, गम्भीर बिष्ट, पूर्व प्रधान बसन्ती नेगी, वीरांगना संगठन अध्यक्ष अगस्तमुनि माधुरी नेगी, कुसुम भट्ट पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य अर्जुन सिंह नेगी, मगन सिंह नेगी वासुदेव प्रसाद थपलियाल, सुधीर नौटियाल, दिनेश थपलियाल, दीपक नेगी, चन्दन नेगी सहित हजारों श्रद्धालु मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!