केदारनाथ धाम में भगवान भैरवनाथ हवन अनुष्ठान, सोमवती अमावस्या पर विश्व सुख समृद्धि एवं कल्याण की कामना

रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम में ज्येष्ठ माह के कृष्ण पक्ष की सोमवती अमावस्या के पावन अवसर पर सोमवार को भगवान भैरवनाथ मंदिर में विश्व कल्याण, शांति एवं समृद्धि की कामना के साथ पारंपरिक भैरवनाथ हवन का आयोजन किया गया। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी श्री केदारनाथ धाम में आयोजित इस विशेष अनुष्ठान में बड़ी संख्या में तीर्थ पुरोहितों, श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों ने सहभागिता की।
हवन में मुख्य यजमान के रूप में श्री केदार सभा के अध्यक्ष पंडित राजकुमार तिवारी तथा बदरी-केदार मंदिर समिति के उपाध्यक्ष विजय कपरूवान उपस्थित रहे। केदारसभा के मीडिया प्रभारी एवं प्रवक्ता पंडित पंकज शुक्ला ने बताया कि श्री केदारनाथ में भैरवनाथ हवन की परंपरा आदि-अनादि काल से चली आ रही है। केदारनाथ धाम के रक्षपाल भगवान भैरवनाथ की आराधना कर सम्पूर्ण केदारघाटी, उत्तराखंड तथा देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की सुख-समृद्धि, सुरक्षा एवं विश्व शांति की कामना की जाती है।
हवन अनुष्ठान आचार्य संजय तिवारी एवं ब्रह्मा बिपिन जमलोकी के सान्निध्य में सम्पन्न हुआ, जिसमें 31 ब्राह्मणों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ आहुतियां अर्पित की गईं। यज्ञ के दौरान विश्व कल्याण, मानवता की उन्नति और प्राकृतिक आपदाओं से रक्षा की प्रार्थना की गई।
हवन के समापन पर समस्त श्रद्धालुओं के लिए सुख, शांति और समृद्धि की कामना करते हुए भगवान भैरवनाथ एवं बाबा केदार के जयघोष लगाए गए।
इस अवसर पर केदारसभा के उपाध्यक्ष विष्णुकांत कुर्माचली, महामंत्री डॉ. राजेन्द्र प्रसाद तिवारी, मंत्री अंकित सेमवाल, ऊखीमठ ब्लॉक प्रमुख एवं केदार सभा प्रवक्ता पंकज शुक्ला, कोषाध्यक्ष प्रवीण चंद्र तिवारी, आचार्य संतोष त्रिवेदी, मंदिर प्रभारी अधिकारी बिपिन चंद्र तिवारी, मंदिर पुजारी गंगाधर लिंग, आचार्य नवीन शुक्ला, अनीत शुक्ला, आचार्य रोशन लाल, प्रदीप शुक्ला सहित अनेक तीर्थ पुरोहित, स्थानीय व्यापारी एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।



