दुख:द : केदारनाथ हाईवे के भटवाड़ीसैण में वाहन खाई में गिरा, महिला की मौत

केदारनाथ हाईवे के भटवाड़ीसैण में वाहन दुर्घटनाग्रस्त, महिला की मौत
रुद्रप्रयाग। केदारनाथ हाईवे के भटवाड़ीसैण के पास एक वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। वाहन को एक महिला चला रही थी, जिसकी मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि महिला फार्मासिस्ट के पद पर कार्यरत थी और श्रीनगर से अगस्त्यमुनि की ओर ड्यूटी पर जा रही थी।
आज सुबह प्रातःकाल लगभग 08.45 बजे थाना अगस्त्यमुनि सहित विभिन्न रेस्क्यू टीमों को पुलिस कन्ट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिली कि भटवाड़ीसैण के पास एक वाहन दुर्घटनाग्रस्त होकर नदी में जा गिरा है। सूचना पर पुलिस उपाधीक्षक विकास पुंडीर, थानाध्यक्ष अगस्त्यमुनि महेश रावत मय पुलिस बल, एस.डी.आर.एफ व डी.डी.आर.एफ, आपदा प्रबन्धन रुद्रप्रयाग की टीमें तत्काल मौके पर पहुंची। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि ब्लैक कलर की स्कॉर्पियो गाड़ी, जिसको कोई महिला चला रही थी, जो श्रीनगर-रुद्रप्रयाग की ओर से अगस्त्यमुनि की तरफ जा रही थी, दुर्घटनाग्रस्त होकर गहरी खाई में गिर गई है। दुर्घटना स्थल पर रेस्क्यू टीमों द्वारा गहरी खाई में उतर कर सर्च अभियान चलाया गया, जिसमें एक महिला के अचेत अवस्था में मिलने पर रेस्क्यू कर एम्बुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल भिजवाया गया। महिला की पहचान कुसुमलता पत्नी राजीव कुमार निवासी गोला बाजार श्रीनगर पौड़ी गढ़वाल हाल पता विजयनगर अगस्त्यमुनि रुद्रप्रयाग के रूप में हुई है।



