तरसाली के ग्रामीणों की जिला प्रशासन ने ली सुध, आठ सौ मीटर शेष सड़क कटिंग का कार्य शीघ्र पूर्ण करने का दिया आश्वासन
फाटा। मोटर मार्ग के अधूरे कार्य को पूर्ण करने को लेकर श्रमदान में जुटे तरसाली गांव के ग्रामीणों की जिला प्रशासन ने सुध ले ली है। मंगलवार को ग्रामीणों के साथ उपजिलाधिकारी ऊखीमठ की अध्यक्षता में लोनिव, भू वैज्ञानिक तथा एनएच के अधिकारियों एवं स्थानीय जन प्रतिनिधियों के साथ बैठक आहूत की गई। जिसमें कार्य को पुनः प्रारंभ करने हेतु वार्ता की गई।
विकासखंड ऊखीमठ के तरसाली गांव के ग्रामीण गत सोमवार को मोटर मार्ग के अधूरे कार्य को पूर्ण करने को लेकर श्रमदान करने पहुंचे। जिसका जिला प्रशासन ने तत्काल संज्ञान लेकर ग्रामीणों के साथ मंगलवार को बैठक कर स्थलीय निरीक्षण किया गया। बैठक में मोटर मार्ग की कटिंग का कार्य करीब दो किमी पूर्ण हो चुका है तथा शेष आठ सौ मीटर कटिंग कार्य को पूर्ण करने हेतु कहा गया जिसमें भू वैज्ञानिक द्वारा क्षेत्र का मुआयना किया गया तथा भू धंसाव जोन की ओर शेष सड़क कटिंग का कार्य न किया जाय उसके संबंध में जानकारी दी गई। तथा इसके विकल्प के रूप में अन्यत्र कटिंग कर शेष मार्ग पर जोड़ दिया जाय बताया गया। जिसमें सभी की सहमति के बाद कटिंग कार्य को जल्द प्रारंभ करने हेतु कहा गया।

उप जिलाधिकारी ऊखीमठ अनिल कुमार शुक्ला ने बताया कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं तरसाली के ग्रामीणों के साथ बैठक की गई जिसमें मोटर रोड के शेष आठ सौ मीटर कटिंग कार्य को जल्द पूर्ण करने हेतु कहा गया, उन्होंने बताया कि तरसाली मोटर रोड के नीचे गौरीकुंड हाइवे स्थित है बरसात के दौरान पहाड़ी से मलबा और बोल्डर गिरने का भय बना रहता है, जिसको लेकर आज पुनः भू वैज्ञानिक द्वारा सर्वे की गई।
भू वैज्ञानिक डॉ कृष्णा सजवान ने बताया कि तरसाली मोटर मार्ग के नीचे गौरीकुंड हाइवे स्थित है जिसकी सुरक्षा को देखते हुए मोटर रोड के भू धंसाव जोन का चिन्हीकरण किया गया तथा मोटर रोड के शेष मार्ग को सुरक्षित क्षेत्र से कार्य करने हेतु बताया गया।
सहायक अभियंता लोनिवि खंड ऊखीमठ नरेंद्र कुमार ने बताया कि तरसाली मोटर रोड के शेष कटिंग कार्य हेतु पुनः टेंडरिंग की प्रक्रिया की जाएगी। पूर्व में कार्य कर रही कार्यदाई संस्था द्वारा कार्य को बीच में ही छोड़ दिया गया। अब जल्द ही कार्य को पुनः प्रारंभ किया जाएगा। उन्होंने बताया अभी विभाग की मशीन मोटर रोड पर मलबा हटाने का कार्य कर रही है।
ग्रामीण धर्मानन्द सेमवाल ने कहा कि आज विभागीय अधिकारियों के साथ ग्रामीणों की बैठक हुई जिसमें एसडीएम ऊखीमठ द्वारा जल्द ही मोटर रोड के आठ सौ मीटर शेष कटिंग कार्य को पूर्ण करने हेतु हामी दी गई। वहीं लोनिवि, एनएच, तथा भू वैज्ञानिकों द्वारा स्थलीय निरीक्षण भी किया गया।
इस दौरान जिला पंचायत सदस्य अमित मैंखंडी, प्रधान बड़ासू बिमला देवी, क्षेत्र पंचायत सदस्य पिंकी देवी, प्रियधर अन्थवाल, जशोधर सेमवाल, विष्णु प्रसाद सेमवाल, शारदा नंद सेमवाल, केवला नंद थपलियाल सहित समस्त ग्रामीण तथा लोनिवी एनएच व राजस्व कर्मी उपस्थित रहे।



