रूद्रप्रयाग शंकराचार्य अस्पताल की सड़क खस्ताहाल, गड्ढों से राहगीर और वाहन चालक परेशान

रुद्रप्रयाग। जिला चिकित्सालय की इकाई शंकराचार्य कोटेश्वर अस्पताल को जोड़ने वाली सड़क बदहाल बनी हुई है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे बने हुए हैं और कई स्थानों पर सड़क उखड़ चुकी है। इसके चलते अस्पताल आने-जाने वाले मरीजों, तीमारदारों, चिकित्सकों, कर्मचारियों के साथ ही स्थानीय लोगों और वाहन चालकों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
अस्पताल तक पहुंचने के लिए इसी सड़क का इस्तेमाल किया जाता है, लेकिन सड़क की बदहाल स्थिति के कारण आवागमन जोखिम भरा बना हुआ है। गड्ढों के कारण दोपहिया और चौपहिया वाहन चालकों को भी संभलकर आवाजाही करनी पड़ रही है। वहीं, अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है।
अस्पताल में तैनात पैथोलॉजिस्ट डॉ. मनीष कुमार ने बताया कि सड़क की खराब स्थिति के संबंध में लोक निर्माण विभाग को पहले ही सूचना दी गई थी। इसके बाद विभाग की ओर से गड्ढों में भरान तो कराया गया, लेकिन इससे समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया। सड़क की स्थिति अब भी खराब बनी हुई है।



