तरसाली के ग्रामीणों का मोटर रोड के कटिंग कार्य को पूर्ण करने को लेकर श्रमदान

तरसाली के ग्रामीणों का मोटर रोड के कटिंग कार्य को पूर्ण करने को लेकर श्रमदान
फाटा। विकासखंड ऊखीमठ के ग्राम तरसाली में मोटर मार्ग के कार्य को पूर्ण करने को लेकर ग्रामीणों ने श्रमदान करना प्रारंभ कर दिया है। ग्रामीणों ने बताया कि बीते एक वर्ष से उच्च अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों से गुहार लगाने के बाद भी मोटर मार्ग की कटिंग का कार्य पूर्ण नहीं हो पाया है। मजबूरन उन्हें श्रमदान करना पड़ रहा है।
बता दें कि, केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग से करीब डेढ़ से दो किमी की दूर पर स्थित तरसाली गांव के लिए वर्ष 2018 में राज्य वित्त से तीन किमी मोटर मार्ग की स्वीकृति मिली थी, जिसका कटिंग कार्य वर्ष 2021 में प्रारंभ किया गया था। जिसमें गत मार्च से अभी तक कार्य बंद पड़ा हुआ है। ग्रामीणों ने बताया करीब दो किमी कटिंग कार्य पूर्ण हो चुका है। वहीं आठ सौ मीटर के करीब ही कटिंग कार्य शेष है। उन्होंने बताया कि जनप्रतिनिधियों, उच्च अधिकारियों एवं लोनिवि के आला अधिकारियों के पास मोटर मार्ग कार्य को पूर्ण करने की मांग को लेकर कई बार जा चुके हैं लेकिन विभागीय अधिकारी सिर्फ कोरे आश्वासन देकर लौटा देते हैं। ग्रामीणों ने बताया कि पांच जनवरी से श्रमदान करने को लेकर जिला प्रशासन सहित लोनिवि को पत्र दिया गया था। उसी को लेकर आज ग्रामीण एकत्र होकर मोटर मार्ग पर श्रमदान कर रहे हैं। करीब बारह बजे विभाग की जेसीबी मशीन मौके पर पहुंची। जिसको लेकर ग्रामीणों ने नाराजगी व्यक्त की उन्होंने कहा सिर्फ खानापूर्ति के लिए जेसीबी मशीन भेजी गई है जबकि कटिंग कार्य के लिए बड़ी पुकलैंड मशीन की आवश्यकता है। वहीं दोपहर दो बजे से मशीन ने तरसाली मोटर मार्ग पर मलबा हटाने का कार्य प्रारंभ किया।
ग्रामीण तरसाली जशोधर सेमवाल ने बताया कि वर्ष 2021 में मोटर रोड के कटिंग का कार्य प्रारंभ हुआ था जिसमें यात्रकाल के दौरान कटिंग का कार्य हाइवे पर आवाजाही को लेकर बंद किया जाता रहा। वहीं बाबा केदार के कपाट शीतकाल में बंद होते ही कटिंग कार्य पुनः प्रारंभ किया जाता था, परन्तु गत मार्च माह से कटिंग कार्य बंद पड़ा हुआ है, लगातार जनप्रतिनिधियों एवं उच्च अधिकारियों को मोटर मार्ग कार्य पुनः प्रारंभ करने को लेकर पत्र दिया गया लेकिन कार्य प्रारंभ नहीं हो पाया, उन्होंने बताया कि शासन प्रशासन की नींद खोलने के लिए 5 जनवरी से ग्रामीणों ने श्रमदान करना प्रारंभ किया है। धर्मानंद सेमवाल ने बताया कि तरसाली गांव के लिए तीन किमी मोटर रोड स्वीकृत हुई ,जिसमें दो किमी से अधिक कटिंग कार्य पूर्ण हो चुका है जबकि आठ सौ मीटर के करीब ही कटिंग कार्य शेष है। उन्होंने बताया गांव का पैदल मार्ग भी क्षतिग्रस्त है बच्चे बुजुर्ग बड़ी कठिनाई से आवागमन कर रहे, विगत दिन गांव में उनकी धर्मपत्नी भालू के हमले में घायल हो गई थी जिन्हें गांव से सड़क तक लाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
लोनिवि खंड ऊखीमठ एई नरेंद्र कुमार ने बताया कि सोमवार को तरसाली मोटर रोड पर कार्य प्रारंभ करने के लिए मशीन भेज दी गई है उन्होंने बताया कि यह मोटर रोड केदारनाथ हाइवे के बिल्कुल ऊपर से जा रही है जिसमें लगातार बरसात में हाइवे पर पत्थर मलबा गिरता है, जिसको लेकर मंगलवार को राजस्व विभाग, एनएच , लोनिवि एवं जियोलजिस्ट की टीम का संयुक्त निरीक्षण किया जाएगा, उसके बाद ही मोटर रोड के कार्य को लेकर आगे कार्य प्रारंभ किया जाएगा।
इस दौरान ग्रामीण प्रियधर अन्थवाल, बिसम्बर सेमवाल, केवलानंद थपलियाल, शारदानंद सेमवाल, विष्णु दत्त सेमवाल, वरदानंद सेमवाल सहित समस्त ग्रामीण मौजूद रहे।



