उत्तराखंडपर्यावरणफटाफट ख़बरेंरुद्रप्रयाग

हरेला पर्व पर एवरग्रीन एजुकेशनल सोसायटी हाई स्कूल ने निकाली जन-जागरूकता रैली, गूंजे हरियाली बचाने के सन्देश

लक्ष्मण सिंह नेगी

ऊखीमठ। उत्तराखंड के लोकपर्व हरेला के अवसर पर एवरग्रीन एजुकेशनल सोसायटी हाई स्कूल द्वारा मुख्य बाजार में भव्य जन-जागरूकता रैली निकालकर पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन का संदेश दिया गया। रैली में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए लोगों को अधिक से अधिक पौधरोपण करने, जल स्रोतों के संरक्षण तथा स्वच्छ एवं हरित पर्यावरण बनाए रखने का आह्वान किया। रैली का शुभारंभ विद्यालय परिसर से हुआ, जो मुख्य बाजार के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी। इस दौरान बच्चों ने हाथों में पर्यावरण संरक्षण संबंधी आकर्षक तख्तियां और बैनर लेकर “हरेला मनाएं, पेड़ लगाएं”, “पेड़ हैं जीवन का आधार”, “हर घर एक पौधा” तथा “स्वच्छ पर्यावरण, स्वस्थ जीवन” जैसे प्रेरणादायक नारे लगाए। नौनिहालों के जोश और अनुशासन ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया और बाजार में मौजूद व्यापारियों एवं स्थानीय नागरिकों ने रैली का स्वागत करते हुए बच्चों के प्रयासों की सराहना की। विद्यालय प्रधानाचार्य रंजना कठैत ने कहा कि हरेला केवल एक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी आस्था, जिम्मेदारी और उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। वर्तमान समय में बढ़ते पर्यावरणीय संकट, जलवायु परिवर्तन और वनों के लगातार घटते क्षेत्रफल को देखते हुए प्रत्येक व्यक्ति को पौधरोपण और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि आज हम पर्यावरण की रक्षा करेंगे, तभी आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण मिल सकेगा।
रैली के दौरान शिक्षकों ने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दिलाया तथा हरेला पर्व के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह पर्व प्रकृति, हरियाली और समृद्धि का संदेश देता है। विद्यार्थियों ने भी अपने घरों और आसपास अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधक राधा राणा, प्रभात बैरवाण, सूरज , रश्मि, कुंवर, सोनल, शिशुवंती तिवारी, भुवनेश्वरी भट्ट, चेतना पाण्डेय, पुष्पा, आइसा सहित सैकड़ों छात्र – छात्राये मौजूद रहीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!