उत्तराखंडखास खबरें

सिरोबगड़ लैंडस्लाइड जोन का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण, यातायात सुरक्षा एवं सुगमता सुनिश्चित करने पर जोर

रूद्रप्रयाग। जनपद में सिरोबगड़ लैंडस्लाइड जोन का जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने आज स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने लैंडस्लाइड जोन में भूस्खलन की समस्या के स्थायी समाधान के लिए किए जा रहे ट्रीटमेंट कार्यों का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों से कार्यों की प्रगति की जानकारी प्राप्त की। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र में संचालित सभी कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण किया जाए, ताकि मार्ग पर यातायात सुचारु बनाए रखने के साथ ही यात्रियों एवं स्थानीय लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी ने सिरोबगड़ लैंडस्लाइड जोन का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क के दोनों ओर 100 मीटर के दायरे में आवश्यक साइनेज लगाए जाएं। साइनेज के माध्यम से वाहन चालकों को भूस्खलन संभावित क्षेत्र, निर्माण कार्यों तथा यातायात संबंधी आवश्यक सावधानियों की जानकारी स्पष्ट रूप से उपलब्ध कराई जाए, जिससे वाहन चालक पहले से सतर्क रह सकें और किसी भी प्रकार की दुर्घटना की आशंका को कम किया जा सके। उन्होंने कहा कि संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए तथा यातायात प्रबंधन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।

जिलाधिकारी ने कहा कि लैंडस्लाइड जोन में ट्रीटमेंट कार्यों के दौरान आमजन, स्थानीय निवासियों और मार्ग से गुजरने वाले यात्रियों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। इसके लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा निर्माण कार्यों के दौरान यातायात को व्यवस्थित बनाए रखने के लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करें। उन्होंने निर्देश दिए कि कार्यस्थल पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जाएं और आवश्यकता के अनुसार यातायात को नियंत्रित करने के लिए संबंधित कार्मिकों की तैनाती भी सुनिश्चित की जाए।

जिलाधिकारी श्री विशाल मिश्रा ने विशेष रूप से निर्देशित किया कि ट्रीटमेंट कार्य के दौरान यदि किसी बड़ी मशीनरी अथवा भारी उपकरण को साइट पर लाया जाना हो, तो इसकी सूचना समय रहते पुलिस एवं प्रशासन को अनिवार्य रूप से दी जाए। इससे यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने, वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करने तथा संभावित जाम की स्थिति से बचने के लिए आवश्यक प्रबंध समय पर किए जा सकेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों के दौरान सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने संबंधित कार्यदायी संस्थाओं एवं विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि लैंडस्लाइड जोन में किए जा रहे ट्रीटमेंट कार्यों की नियमित निगरानी की जाए और कार्यों की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। सभी कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण करने के लिए आवश्यक संसाधनों एवं मशीनरी की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि कार्यों में अनावश्यक विलंब न हो।

जिलाधिकारी ने कहा कि सिरोबगड़ मार्ग चारधाम यात्रा सहित जनपद में आवागमन की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। ऐसे में इस संवेदनशील क्षेत्र में सड़क सुरक्षा, यातायात की सुगमता और भूस्खलन की समस्या के समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी संबंधित विभाग समन्वय बनाकर कार्य करें, जिससे चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं, स्थानीय नागरिकों एवं अन्य यात्रियों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध हो सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!