
रूद्रप्रयाग। उत्तराखंड शासन के निर्देशों के अनुपालन में जनपद रुद्रप्रयाग में राजस्व विभाग के कब्जे में ऐसी आरक्षित वन भूमि, जो किसी निजी व्यक्ति अथवा संस्था को गैर वानिकी कार्यों के लिए आवंटित की गई है, की जांच को लेकर गठित विशेष जांच दल (SIT) की बैठक बुधवार को जिलाधिकारी विशाल मिश्रा की अध्यक्षता में एनआईसी सभागार, जिला कार्यालय रुद्रप्रयाग में आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि आरक्षित वन भूमि से संबंधित प्रकरणों की गहनता से जांच करते हुए उपलब्ध अभिलेखों, राजस्व रिकॉर्ड एवं अन्य संबंधित दस्तावेजों का परीक्षण किया जाए। उन्होंने कहा कि जांच प्रक्रिया में सभी तथ्यों का बारीकी से सत्यापन करते हुए निर्धारित मानकों एवं शासन स्तर से प्राप्त निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों द्वारा जनपद में आरक्षित वन भूमि से जुड़े प्रकरणों के संबंध में उपलब्ध अद्यतन सूचनाओं की जानकारी दी गई। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि जांच से संबंधित सूचनाएं एवं अभिलेख समयबद्ध रूप से SIT के समक्ष उपलब्ध कराए जाएं, ताकि प्रकरणों की जांच में किसी प्रकार की देरी न हो।
बैठक में अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा, उप जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग सोहन सिंह सैनी, उपजिलाधिकारी ऊखीमठ अनिल रावत, अधिशासी अभियंता राष्ट्रीय राजमार्ग ओंकार पांडे, एसडीओ जखोली दिवाकर पंत सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।



