
यात्रा व्यवस्थाओं की जरूरतों की भी हुई समीक्षा
रूद्रप्रयाग। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देशन में जनपद में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को और अधिक बेहतर बनाने के लिए पैथोलाॅजी लैब व्यवस्थाओं को और मजबूत बनाने पर जोर दिया जा रहा है। बुधवार मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने जिला चिकित्सालय के पैथोलाॅजिस्ट व प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों की बर्चुअल माध्यम से बैठक लेकर पैथोलाॅजी सेवाओं की समीक्षा की।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. पारूल गोयल ने प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को चिकित्सा इकाईयों में संचालित पैथोलाॅजी लैब को सुदृढ बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने लैब में उपलब्ध मानव संसाधन, उपकरणों व बजट से संबंधित आवश्यकताओं पर विस्तार से चर्चा की। निर्देश दिया कि पैथोलाॅजी लैब की व्यवस्थाओं का आंकलन कर प्रस्ताव शीघ्र उपलब्ध कराएं। बैठक में श्री केदारनाथ यात्रा की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर भी चर्चा की गई। आगामी माह में यात्रियों की संख्या बढने के अनुमान के दृष्टिगत यात्रा व्यवस्था के अंतर्गत दवा, उपकरण आदि आवश्यकताओं की निरंतर समीक्षा कर निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा डेंगू रोकथाम एवं नियंत्रण पर समीक्षा करते हुए जिला चिकित्सालय सहित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अगस्त्यमुनि, जखोली व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ऊखीमठ में फीवर क्लीनिक सुचारू करने के निर्देश दिए। कहा कि फीवर क्लीनिक स्थापित होने से ओपीडी में आने वाले बुखार से पीड़ित व्यक्ति का तत्काल आरडीटी (रैपिड डाइग्नोस्टिक टेस्ट) व एलाइजा टेस्ट किया जा सकेगी।
बैठक में पैथोलाॅजिस्ट डाॅ. मनीष, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी अगस्त्यमुनि डाॅ. अक्षिता ममगाईं, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी जखोली डाॅ. खुशपाल व प्रभारी चिकित्सा अधिकारी ऊखीमठ डाॅ. गोपाल सजवाण आदि मौजूद रहे।



