घर के इकलौते चिराग को गुलदार ने मार डाला, मचा कोहराम, ग्रामीण दहशत में….

घर के इकलौते चिराग को गुलदार ने मार डाला, मचा कोहराम, ग्रामीण दहशत में….
टिहरी गढ़वाल। प्रताप नगर विकासखंड के भदूरा पट्टी के भरपुरिया गांव में गुलदार ने एक तीन साल के मासूम बच्चे को मौत के घाट उतार दिया इस घटना से गांव में कोहराम मचा गया। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। मासूम बच्चा परिवार का इकलौता चिराग था। गुलदार के हमले से भदूरा पट्टी के गांव में दहशत बनी हुई है। ग्रामीणों ने वन विभाग से गुलदार को नरभक्षी घोषित कर मार गिराने की मांग की है। भरपुरिया गांव निवासी सुखदेव सिंह पंवार का तीन साल का बेटा आरव अपनी मां धर्मा देवी के साथ घर के आंगन में खेल रहा था, जानकारी के मुताबिक शनिवार शाम 7:30 बजे के लगभग आरव की मां लाइट जलाने के लिए घर के अंदर गई इतनी देर में गुलदार ने तीन साल के मासूम बच्चे को आंगन से उठाकर खेतों में पटक दिया। बच्चे के चिल्लाने की आवाज सुनकर मां और पड़ोस के लोग बाहर आए बच्चा वहां दिखाई नहीं दिया। काफी ढूंढ खोज के बाद बच्चा घर से 50 मीटर दूर धान के खेतों के बीच रोते हुए मिला परिजनों ने उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लमगांव लेकर पहुंचे। वहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वन रेंज अधिकारी मुकेश डिमरी थानाध्यक्ष महिपाल सिंह रावत ने बताया कि शाम 7:30 बजे भरपुरिया गांव से गुलदार के हमले की सूचना मिली थी। टीम घटनास्थल के लिए रवाना हो रही थी कि परिजन घायल अवस्था में बच्चे को उपचार के लिए लंबगांव अस्पताल लाए। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। बच्चे की गर्दन पर कई घाव थे। विधायक विक्रम सिंह नेगी , ब्लॉक प्रमुख प्रदीप चंद्र रमोला ग्राम प्रधान मातबर सिंह पंवार ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए वन विभाग से गुलदार को नरभक्षी घोषित कर मार गिराने की मांग की है। वन विभाग की टीम को गांव में गश्त बढ़ाने को कहा गया है।



