गुलदार ने गौशाला का दरवाजा तोड़ भैंस की बछिया को बनाया निवाला

गुलदार ने गौशाला का दरवाजा तोड़ भैंस की बछिया को बनाया निवाला
ब्यूरो। केदारघाटी में भालू ओर गुलदार का आतंक थम नहीं रहा है, बीते दिनों से घाटी में गुलदार की धमक बढ़ने लगी है। त्रियुगीनारायण की घटना के बाद बीती रात्रि गुलदार ने ग्राम शेरसी में गौशाला का दरवाजा तोड़ भैंस की बछिया को मार दिया।
बुधवार देर रात्रि शेरसी निवासी गणेश सेमवाल की गौशाला का दरवाजा तोड़ गुलदार ने भैंस की बछिया को मौत के घाट उतार दिया। गणेश सेमवाल ने बताया कि प्रातः जब गौशाला की ओर गए तो दरवाजा टूटा देखा भीतर का दृश्य देख हतप्रद रह गए, घटना की सूचना तत्काल वन विभाग को दी गई। वहीं इस घटना से गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है।
ग्राम सरपंच शेरसी मोहन नौटियाल ने बताया कुछ दिनों पहले गांव में भालू ने एक गाय को मार डाला और बीती रात गुलदार ने भैंस की बछिया को मार दिया। उन्होंने बताया गांव में ग्रामीण दहशत में है, उन्होंने वन विभाग से गांव में गश्त लगाने सहित सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। साथ ही पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग भी की है।



