उत्तराखंडपर्यावरणफटाफट ख़बरें

चोपता-तुंगनाथ पैदल ट्रैक पर जगह-जगह कूड़े के ढेर, यात्रा सीजन में एकत्रित कूड़े का अब तक नहीं हुआ निस्तारण 

लक्ष्मण सिंह नेगी।

वन विभाग सहित शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली सवालों के घेरे में

ऊखीमठ। उत्तराखण्ड के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों में शुमार चोपता-तुंगनाथ पैदल ट्रैक पर इन दिनों जगह-जगह गन्दगी के अम्बार लगे हुए हैं। यात्रा सीजन के दौरान हजारों की संख्या में पहुंचे तीर्थ यात्रियों और पर्यटकों द्वारा फैलाए गए कूड़े का अभी तक समुचित निस्तारण नहीं हो पाया है। पैदल मार्ग के आसपास एकत्रित प्लास्टिक और पालीथीन के ढेर हिमालयी पर्यावरण के लिए गंभीर खतरा बनते जा रहे हैं। स्थिति यह है कि प्रकृति की अनुपम छटा और स्वच्छ वातावरण के लिए पहचान रखने वाले इस क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था की अनदेखी साफ नजर आ रही है।
चोपता से तुंगनाथ धाम तक फैले पैदल ट्रैक पर विभिन्न स्थानों पर प्लास्टिक की बोतलें, खाद्य पदार्थों के रैपर, पालीथीन और अन्य अपशिष्ट बिखरे पड़े हैं। यात्रा सीजन के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और सैलानियों की आवाजाही के चलते यहां कूड़े का ढेर लगातार बढ़ता रहा, लेकिन यात्रा समाप्ति के बाद भी संबंधित विभागों की ओर से सफाई और कूड़ा निस्तारण को लेकर प्रभावी पहल नजर नहीं आ रही है। ऐसे में पर्यावरण संरक्षण के लिए किए जाने वाले दावों की जमीनी हकीकत पर सवाल उठने लगे हैं।
हिमालयी क्षेत्र की संवेदनशील पारिस्थितिकी को देखते हुए यहां फैल रहा प्लास्टिक कचरा भविष्य के लिए भी चिंता का विषय बनता जा रहा है। पालीथीन और प्लास्टिक लंबे समय तक नष्ट नहीं होते तथा मिट्टी की गुणवत्ता और प्राकृतिक जलस्रोतों को प्रभावित कर सकते हैं। खुले में पड़ा कूड़ा वन्य जीवों के लिए भी नुकसानदायक साबित हो सकता है। इसके बावजूद पैदल ट्रैक पर कूड़ा एकत्रित करने, उसका वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण करने और नियमित निगरानी की व्यवस्था प्रभावी रूप से धरातल पर दिखाई नहीं दे रही है।

कांग्रेस सोशल मीडिया जिलाध्यक्ष कर्मवीर कुंवर का कहना है कि तुंगनाथ धाम और चोपता क्षेत्र की पहचान देश-विदेश में एक प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थल के रूप में है। प्रतिवर्ष यहां पहुंचने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं की संख्या में वृद्धि हो रही है, लेकिन इसके अनुरूप स्वच्छता और अपशिष्ट प्रबंधन की व्यवस्थाओं को मजबूत नहीं किया जा रहा है। यात्रा सीजन के दौरान पर्यावरण संरक्षण की बातें तो खूब होती हैं, लेकिन सीजन समाप्त होते ही सफाई व्यवस्था को लेकर जिम्मेदार विभागों की सक्रियता कम होती दिखाई देती है।

पूर्व जिला पंचायत सदस्य कालीमठ विनोद राणा ने कहा कि चोपता-तुंगनाथ पैदल ट्रैक पर जगह-जगह कूड़े के ढेर लगना बेहद चिंताजनक है। हिमालयी क्षेत्र की स्वच्छता और प्राकृतिक विरासत को सुरक्षित रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। यात्रा सीजन के दौरान एकत्रित कूड़े का समय पर निस्तारण नहीं होना संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। उन्होंने कहा कि केदारनाथ वन्यजीव प्रभाग सहित यात्रा व्यवस्थाओं का जिम्मा संभालने वाले शासन-प्रशासन को इस दिशा में गंभीरता से कदम उठाने चाहिए। पैदल ट्रैक पर विशेष सफाई अभियान चलाकर पालीथीन एवं प्लास्टिक कचरे को हटाने के साथ ही नियमित कूड़ा संग्रहण और निस्तारण की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि चोपता-तुंगनाथ क्षेत्र केवल धार्मिक आस्था का केन्द्र ही नहीं, बल्कि अपनी प्राकृतिक सुंदरता और जैव विविधता के लिए भी विशेष पहचान रखता है। यदि समय रहते कूड़े के निस्तारण और पर्यावरण संरक्षण को लेकर ठोस कदम नहीं उठाए गए तो आने वाले समय में इसके दुष्परिणाम सामने आ सकते हैं। उन्होंने जिम्मेदार विभागों से जवाबदेही तय करते हुए पैदल ट्रैक की नियमित सफाई, कूड़ा प्रबंधन और प्लास्टिक के उपयोग पर प्रभावी नियंत्रण लगाने की मांग की।
वहीं इस सम्बन्ध में केदारनाथ वन्य जीव प्रभाग के रेंज अधिकारी से वार्ता करने का प्रयास किया गया मगर सम्पर्क नहीं हो सका ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!