उत्तराखंडफटाफट ख़बरेंराजनीतिरुद्रप्रयागसुरक्षा

प्रारंभिक शिक्षा निदेशक के साथ हुए दुर्व्यवहार की राजकीय शिक्षक संघ रुद्रप्रयाग ने की घोर निंदा

प्रारंभिक शिक्षा निदेशक के साथ हुए दुर्व्यवहार की राजकीय शिक्षक संघ रुद्रप्रयाग ने की घोर निंदा

रूद्रप्रयाग। प्रारंभिक शिक्षा निदेशक अजय नौडियाल  एवं कर्मचारियों के साथ हुई मारपीट तथा अभद्रता की घटना के पश्चात राजकीय शिक्षक संघ रुद्रप्रयाग की एक आपातकालीन बैठक आहूत की गई।
बैठक में इस कृत्य की घोर भर्त्सना एवं निंदा करते हुए दोषियों के विरुद्ध यथाशीघ्र कठोर से कठोर कार्रवाई की मांग की गई।

बता दें, गत दिवस रायपुर विधायक उमेश शर्मा काऊ के समर्थकों द्वारा निदेशक प्रारंभिक शिक्षा के साथ की गई मारपीट और अभद्र व्यवहार को शिक्षक संघ ने   एक अधिकारी का अपमान नहीं, बल्कि पूरे कर्मचारी एवं शिक्षक समाज की गरिमा पर सीधा प्रहार करना बताया है। उन्होंने कहा इस प्रकार का भय और अराजकता का वातावरण किसी भी सूरत में कर्मचारियों के लिए उचित नहीं है।
जिला अध्यक्ष आलोक रौथाण ने कहा कि यह घटना लोकतांत्रिक मूल्यों की हत्या है। जनप्रतिनिधि ही कानून को हाथ में लेकर गुंडागर्दी पर उतर आएं तो यह प्रदेश के लिए अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा शिक्षक समाज इस अन्याय के खिलाफ चुप नहीं बैठेगा और दोषियों पर कठोर कार्रवाई होने तक संघर्ष जारी रहेगा। जिला मंत्री शंकर भट्ट ने कहा कि राम राज्य की बात करने वाली सरकार के शासन में आज जंगलराज और गुंडाराज चरम पर है। अधिकारी एवं कर्मचारी इस घटना से आशंकित हैं। उन्होंने कहा कि यदि विधायक और उनके समर्थकों पर शीघ्र कठोर कार्रवाई नहीं की जाती है, तो राजकीय शिक्षक संघ बोर्ड परीक्षाओं के बहिष्कार जैसे कठोर निर्णय लेने को बाध्य होगा। यह केवल चेतावनी नहीं, बल्कि कर्मचारी सम्मान की रक्षा का संकल्प है।
जिला प्रवक्ता अजय भट्ट ने कहा कि इस घटना से पूरे शिक्षक और कर्मचारी वर्ग के आत्मसम्मान को ठेस पहुंची है। यदि प्रशासन द्वारा त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की गई तो राजकीय शिक्षक संघ सड़कों पर उतरकर व्यापक आंदोलन के लिए बाध्य होगा, जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
राजकीय शिक्षक संघ जनपद रुद्रप्रयाग स्पष्ट करता है कि कर्मचारी सम्मान और सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। यदि शीघ्र न्याय नहीं मिला तो संगठन चरणबद्ध आंदोलन करेगा।
बैठक में जनपदीय संरक्षक नरेश कुमार भट्ट, जनपद संयुक्त मंत्री दीपक नेगी, महिला उपाध्यक्ष कुसुम भट्ट, महिला संयुक्त मंत्री विमला राणा, संगठन मंत्री मनमोहन गुसाईं, संगठन मंत्री महिला सुलेखा सेमवाल, ब्लॉक अध्यक्ष अगस्त्यमुनि अंकित रौथान, मंत्री संदीप भट्ट, ऊखीमठ अध्यक्ष पंचम राणा, मंत्री दिलबर कोटवाल, जखोली अध्यक्ष प्रवीन घिल्डियाल, मंत्री माही कोठियाल सहित समस्त पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!