वासुकी ताल ट्रैक पर रोक, बिना अनुमति नहीं मिलेगी एंट्री

वासुकी ताल ट्रैक पर रोक,
डीएम ने जारी की एडवाइजरी
रुद्रप्रयाग। जनपद में स्थित प्रसिद्ध वासुकीताल ट्रैक को लेकर जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं। प्रशासन ने साफ किया है कि बिना वन विभाग की अनुमति के किसी भी व्यक्ति को वासुकी ताल ट्रैक रूट पर जाने की अनुमति नहीं है। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने तीर्थयात्रियों और ट्रैकर्स से अनजान एवं जोखिम भरे रास्तों पर ट्रैकिंग न करने की अपील की है।
केदारनाथ धाम से करीब आठ किमी की दूरी पर स्थित वासुकी ताल ट्रैक अपनी प्राकृतिक सुंदरता के लिए प्रसिद्ध है, लेकिन वर्तमान मौसम और संवेदनशील भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा को प्राथमिकता दी है। जिला प्रशासन के अनुसार वासुकी ताल ट्रैक पर जाने के लिए वन विभाग की पूर्व अनुमति अनिवार्य है।
जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने कहा है कि कई लोग बिना जानकारी और बिना अनुमति के वैकल्पिक रास्तों से ट्रैकिंग का प्रयास करते हैं, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। ऐसे में सभी तीर्थयात्रियों, पर्यटकों और ट्रैकर्स से अपील की गई है कि वे केवल अधिकृत मार्गों का ही उपयोग करें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई भी की जा सकती है। साथ ही मौसम की स्थिति और मार्ग की सुरक्षा को देखते हुए ही ट्रैकिंग गतिविधियों की अनुमति दी जाएगी।



