सीमांत गांव तोषी के जल्द यातयात से जुड़ने से ग्रामीणों में बना उत्साह

लक्ष्मण सिंह नेगी
सीमांत गांव तोषी के जल्द यातयात से जुड़ने से ग्रामीणों में बना उत्साह
ऊखीमठ। केदारघाटी का सीमांत गांव तोषी आजादी के बाद पहली बार यातायात से जुड़ने जा रहा है। राज्य योजना के अन्तर्गत त्रियुगीनारायण – तोषी 6 किमी मोटर मार्ग का निर्माण कार्य युद्ध स्तर पर जारी है तथा मोटर मार्ग के प्रथम चरण का 85 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है, जिसमें एक किमी सड़क कटिंग का कार्य अभी शेष है।
तोषी गांव के पहली बार यातायात से जुड़ने से ग्रामीणो मे भारी उत्साह बना हुआ है। गांव मे पर्यटन के साथ स्थानीय उत्पादो को बढावा मिलने तथा तोषी गांव से हिमालयी भूभाग मे जाने वाले पैदल ट्रैको को भी पर्यटन मानचित्र पर विशिष्ट पहचान मिलनेकी उम्मीद है।
बता दे कि विकासखंड ऊखीमठ के सीमांत गांव तोषी में वर्तमान में 45 परिवारो निवास करते हैं जिसमें गांव की जनसंख्या करीब 220 है। सीमांत गांव तोषी को यातायात से जोड़ने के लिए राज्य योजना के अन्तर्गत स्वीकृत त्रियुगीनारायण – तोषी 6 किमी मोटर मार्ग के प्रथम चरण का निर्माण कार्य विगत वर्ष पूर्व शुरू किया गया था । इन दिनो निर्माणाधीन मोटर मार्ग का निर्माण कार्य युद्ध स्तर पर जारी है तथा मोटर मार्ग का निर्माण कार्य लगभग 85 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है, जिसमें 200 मीटर हार्ड रॉक शेष है तथा एक किमी कटिंग कार्य होना जारी है। मोटर मार्ग के तोषी गांव के निकट पहुंचने से ग्रामीणो मे भारी उत्साह बना हुआ है। ग्राम पंचायत तोषी प्रशासक जगत सिंह रावत ने बताया कि निर्माणाधीन मोटर मार्ग का निर्माण कार्य जारी है तथा कुछ हिस्सा हार्ड रॉक के बाद अभी एक किमी कटिंग शेष है जिसमें दो से तीन माह के अन्तर्गत तोषी गांव तक मोटर मार्ग पहुंचने की सम्भावना बनी हुई है। ग्रामीण गीता राम सेमवाल ने बताया कि तोषी गांव के यातायात से जुड़ने से गांव मे पर्यटन गतिविधियो के साथ स्थानीय उत्पादो को बढावा मिलने तथा ग्रामीणो के साथ जी आई सी त्रियुगीनारायण मे अध्यनरत नौनिहालो को आवाजाही करनी मे सुविधा मिलेगी। निवर्तमान उपप्रधान दिनेश चन्द्र सेमवाल ने बताया कि तोषी गांव के यातायात से जुड़ने से तोषी – वासुकीताल- केदारनाथ, तोषी – खतलिंग पैदल ट्रैको को पर्यटन मानचित्र पर विशिष्ट पहचान मिलेगी तथा तोषी गांव से लगभग 25 किमी दूर मयाली बुग्यालो के मध्य विराजमान जगदेई माता का तीर्थ तीर्थाटन के रूप मे विकसित होगा। महिला मंगल दल अध्यक्ष ऊषा देवी का कहना है कि गांव के यातायात से जुड़ने के बाद तोषी गांव पहुंचने वाले सैलानी बुग्यालो के आंचल मे फैली खूबसूरती से भी रूबरू होगे। ग्रामीण भगत सिंह रावत, कमल सिंह रावत, विपिन रावत, मदन मोहन सेमवाल ने बताया कि तोषी गांव के आजादी के बाद पहली बार यातायात से जुड़ने से ग्रामीणो मे भारी उत्साह बना हुआ है।
सोननदी पर बनने वाले पुल की डी पी आर शासन मे लम्बित।
त्रियुगीनारायण – तोषी निर्माणाधीन मोटर मार्ग पर सोन नदी पर बनने वाले पुल की डी पी आर लम्बे समय से शासन मे लम्बित है। विभागीय स्तर से पुल निर्माण के लिए दो करोड़ 25 लाख रुपए की डी पी आर बनाकर शासन को भेजी गयी थी मगर शासन स्तर से अभी पुल निर्माण की डी पी आर को हरी झंडी नही मिल पायी है । यदि मोटर मार्ग निर्माण के साथ पुल निर्माण की स्वीकृति नही मिलती है तो बरसात के समय सोन नदी के जल स्तर मे भारी वृद्धि होने से ग्रामीणो की आवाजाही पूर्णतया प्रभावित हो सकती है।



