ऊखीमठ में जाम लगने का सिलसिला जारी, क्षेत्र पंचायत की प्रथम बैठक के दिन जाम में फंसे जनप्रतिनिधि व अधिकारी

लक्ष्मण सिंह नेगी
ऊखीमठ। ब्लॉक सभागार मे आयोजित क्षेत्र पंचायत की प्रथम बैठक के दिन मुख्य बाजार से लेकर भारत सेवा आश्रम तक घन्टो जाम लगने से जनप्रतिनिधियो व अधिकारियो को कडी मशक्कत के बाद पैदल चलकर बैठक मे पहुंचना पडा।
दरअसल, तहसील मुख्यालय मे घन्टो जाम लगना आम बात बनी हुई है मगर क्षेत्र पंचायत की प्रथम बैठक के दिन यातायात व्यवस्था चरमराने से यातायात व्यवस्था का जिम्मा सम्भाले पुलिस प्रशासन की कार्य प्रणाली सवालो के घेरे मे आ गयी है। तहसील मुख्यालय मे घन्टो जाम लगने का मुख्य कारण मोटर मार्ग के दोनो तरफ वाहनो के आडे – तिरछे खड़े होना तथा नगर की यातायात व्यवस्था होमगार्ड जवानो के भरोसे संचालित होना मुख्य कारण माना जा रहा है। मुख्य बाजार मे घन्टो लगने वाले जाम से निजात पाने के लिए स्थानीय व्यापारियो , जनप्रतिनिधियो व पुलिस प्रशासन के मध्य कई दौर की बैठके आयोजित होने के बाद भी जाम से निजात नही मिल पा रही है। मुख्य बाजार मे घन्टो जाम लगने से पैदल चलने वाले राहगीरो को सबसे अधिक परेशानियो का सामना करना पड रहा है। नगर क्षेत्र की यातायात व्यवस्था मे कब सुधार होगा तथा नगर क्षेत्र मे लगने वाले जाम से कब निजात मिलेगी यह यक्ष प्रश्न बना हुआ है। नगर क्षेत्र मे लगने वाले जाम से निजात पाने के लिए वर्षो पूर्व केन्द्र सरकार की प्रसाद योजना के अन्तर्गत करोड़ो रूपये की लागत से पार्किंग का निर्माण तो किया गया था मगर पार्किंग का निर्माण नगर क्षेत्र के किनारे मदमहेश्वर मार्ग पर होने से आम जनता को पार्किंग का लाभ नही मिल पा रहा है।
कांग्रेस व्यापार प्रकोष्ठ प्रदेश महामंत्री आनन्द सिंह रावत का कहना है कि नगर क्षेत्र के अन्तर्गत भारत सेवा आश्रम से लेकर थाने के मध्य नई पार्किंग का निर्माण होने के बाद ही जाम की समस्या से निजात मिल सकती है। कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष अवतार सिंह नेगी का कहना है कि नगर क्षेत्र मे जाम लगने का खामियाजा वाहन चालको, पर्यटको के साथ आम नागरिको को भुगतना पड रहा है तथा जाम से निजात दिलाना चुनौतीपूर्ण बना हुआ है।



