केदारघाटी के रामपुर में भालू ने बुजुर्ग पर किया हमला, गम्भीर घायल, हायर सेंटर रेफर
केदारघाटी के रामपुर में भालू ने बुजुर्ग पर किया हमला, गम्भीर घायल, हायर सेंटर रेफर
फाटा। केदारघाटी में भालुओं का आतंक थम नहीं रहा है बीते दिनों तरसाली में भालू के हमले में एक महिला घायल हुई थी वहीं आज दूसरी घटना में ग्राम न्यालसू में भालू के हमले में एक व्यक्ति घायल हो गया।
बुधवार को करीब साढ़े तीन बजे सांय न्यालसू रामपुर के साढा तोक में मंगल सिंह (उम्र 55 वर्ष) पुत्र बच्चन सिंह गौशाला के समीप खेतों में गए हुए थे ,जिन पर एकाएक भालू ने हमला कर दिया हमले में सिर व जबड़े पर काफी चोटें आई हैं, वहीं शोर सुन आसपास के ग्रामीण पहुंचे जिन्हें देख भालू भाग गया। ग्रामीणों द्वारा गंभीर घायल को त्वरित प्राथमिक उपचार के लिए फाटा स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। फाटा में चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक उपचार देने के बाद गंभीर घायल को बेस अस्पताल श्रीनगर के लिए रेफर किया गया।एम्बुलेंस के साथ परिजन व वन कर्मी गए।

वहीं घटना को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने वन विभाग एवं प्रदेश सरकार पर बढ़ते भालू के आतंक को लेकर उचित कार्यवाही न करने का आरोप लगाया।
इस दौरान पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य रामपुर कुशाल सिंह रावत ने कहा कि केदारघाटी में भालुओं का आतंक चरम पर है, भालू पहले मवेशियों पर हमला कर रहे थे लेकिन बीते दिन तरसाली में हुई घटना के बाद यह क्षेत्र में दूसरी घटना है, जिसमें बुजुर्ग पर भालू ने हमला किया है। उन्होंने वन विभाग से भालुओं को पिंजरा लगाकर पकड़ने की मांग की है।



