पर्यटक गाँव सारी में आयोजित नन्दा मेले में बगडवाल नृत्य रहा मुख्य आकर्षण का केन्द्र

लक्ष्मण सिंह नेगी
ऊखीमठ। विश्व विख्यात पर्यटक स्थल देवरियाताल की तलहटी व प्रकृति की हसीन वादियों में बसे पर्यटक गांव सारी में भगवती नन्दा का मेला विधि – विधान , पौराणिक जागरो व बग्डवाल नृत्य के साथ धूमधाम से मनाया गया। पर्यटक गाँव सारी में आयोजित नन्दा मेले में बगडवाल नृत्य मुख्य आकर्षण का केन्द्र रहा तथा ग्रामीणों व धियाणियो ने भगवती नन्दा की पूजा – अर्चना कर मनौती मांगी तथा विश्व समृद्धि की कामना की। रविवार को भगवती नन्दा सारी गांव से भावुक क्षणों के साथ विदा होगी तथा भगवान तुंगनाथ के शीतकालीन गद्दी स्थल मक्कूमठ पहुंचने पर जगत कल्याण के लिए तपस्यारत होगी।
शनिवार को तुंगेश्वर घाटी के पर्यटक गांव सारी में भगवती नंदा मेला पौराणिक जागरों, बग्डवाल नृत्य, भक्तों के जयकारों के साथ मनाया गया जिसमें ग्रामीणों, धियाणियो व देश – विदेश के सैलानियों ने भगवती नन्दा की पूजा – अर्चना कर क्षेत्र के खुशहाली व विश्व समृद्धि की कामना की। बता दे कि विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी भगवती नंदा की भोग मूर्ति को नवरात्रा की अष्टमी को मक्कूमठ स्थित मंदिर से बाहर निकाला गया। इसके बाद भगवती नन्दा कांडा, हुड्डू, उषाडा और दैडा होते हुए शुक्रवार देर शाम को अपने मामा मैती गांव सारी पहुंची तथा ग्रामीणों द्वारा पंचायत चौक में परम्परा के अनुसार भगवती नन्दा को विभिन्न प्रकार की पूजा सामाग्री अर्पित कर मनौती मांगी। शुक्रवार रात्रि भर ग्रामीणों ने अनेक प्रकार के पौराणिक जागरो व नृत्यों के माध्यम से भगवती नन्दा की महिमा का गुणगान किया।
शनिवार सुबह को ब्रह्म बेला में ग्रामीणों ने पंचाग पूजन के तहत भगवती नन्दा सहित तैतीस कोटि देवी – देवताओं का आवाहन किया तथा पुजारी कुवर भटट्, रघुवीर नेगी , मुरली नेगी, दिलवर नेगी,दिलवर भटट् ने भगवती नन्दा के पौराणिक जागर गायन में महत्वपूर्ण योगदान दिया। दोपहर बाद आयोजित बगडवाल नृत्य में दीवान सिंह नेगी – जीतू बगडवाल, रघुवीर सिंह नेगी – छोटा बगडवाल, अंकित नेगी – भगवती नन्दा, आनन्द सिंह नेगी – सोबनी तथा प्रकाश लाल ने मौलू कामेण के पश्वा की भूमिका अदा की! ईको पर्यटन समिति अध्यक्ष मनोज नेगी ने बताया कि सारी गाँव में भगवती नन्दा आगमन की परम्परा युगों पूर्व की है। इस मौके पर प्रधान मनोरमा देवी, करोखी पिंकी देवी, उप प्रधान अनीता देवी , युवक मंगल दल अध्यक्ष धर्मेंद्र भट्ट, महिला मंगल दल मंजू देवी, पूर्व प्रधानाचार्य पी एस नेगी, पूर्व प्रधान धनश्याम लाल, बिक्रम सिंह नेगी भरत सिंह नेगी, जसवीर सिंह नेगी, कलम सिंह नेगी, इन्द्र सिंह नेगी, जगत भटट्, भीमराज सिंह भगत सिंह श्याम सिंह ढोलवादक सहित जनप्रतिनिधि, पर्यटक व ग्रामीण मौजूद रहे।



