उत्तराखंडगांवधार्मिकरुद्रप्रयाग

कार्तिक स्वामी में निकली 101 जल कलशों की भव्य जल कलश यात्रा,15 हजार श्रद्धालु बने साक्षी

लक्ष्मण सिंह नेगी

महायज्ञ के दसवें दिन आस्था का अभूतपूर्व संगम
बद्रीनाथ विधायक लखपत बुटोला ने लिया आशीर्वाद

कल पूर्णाहुति के साथ होगा 11 दिवसीय महायज्ञ का समापन ।

ऊखीमठ। भगवान कार्तिकेय की तपस्थली कुमार लोक कार्तिक स्वामी में आयोजित 11 दिवसीय महायज्ञ एवं पुराण वाचन के दसवें दिन रविवार को बीहड़ चट्टानों एवं दुर्गम पहाड़ी मार्गों के मध्य से निकली 101 जल कलशों की भव्य एवं दिव्य यात्रा आस्था, श्रद्धा एवं सनातन संस्कृति का अद्भुत प्रतीक बन गई। जल कलश यात्रा में क्षेत्र सहित प्रदेश के विभिन्न जनपदों से पहुंचे लगभग 15 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने प्रतिभाग कर पुण्य अर्जित किया तथा विश्व शांति, मानव कल्याण एवं समृद्धि की कामना की। प्रातःकाल वैदिक मंत्रोच्चार एवं धार्मिक अनुष्ठानों के बीच आचार्यों के निर्देशन में पवित्र जल स्रोतों से जल भरकर 101 श्रद्धालुओ ने सिर पर कलश धारण किए। भगवान कार्तिकेय के जयकारों, भजन-कीर्तन तथा ढोल-दमाऊं की मंगल ध्वनियों के बीच निकली जल कलश यात्रा ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय वातावरण से सराबोर कर दिया। दुर्गम चट्टानों एवं प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर मार्गों से गुजरती यात्रा ने श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभूति प्रदान की। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान कार्तिकेय की आराधना करते हुए सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। जल कलश यात्रा में महिलाओं, युवाओं एवं बुजुर्गों की भारी भागीदारी देखने को मिली। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालु द्वारा पुष्प वर्षा कर जल कलश यात्रा का स्वागत किया गया। इस अवसर पर बद्रीनाथ विधायक लखपत बुटोला ने महायज्ञ में शामिल होकर यज्ञ मंडप में पूजा-अर्चना की तथा क्षेत्र एवं प्रदेश की खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि कुमार लोक जैसी पावन तपस्थली में आयोजित धार्मिक आयोजन भारतीय संस्कृति एवं आध्यात्मिक परंपराओं को सुदृढ़ करने का कार्य कर रहे हैं। ऐसे आयोजनों से समाज में सद्भाव, संस्कार एवं धार्मिक चेतना का विस्तार होता है। महायज्ञ में विद्वान आचार्यों द्वारा वैदिक विधि-विधान से यज्ञीय अनुष्ठान संपन्न कराए जा रहे हैं। प्रतिदिन हवन कुंड में विभिन्न प्रकार की पूजन सामग्रियों एवं औषधियों से आहुतियां देकर विश्व कल्याण, पर्यावरण संरक्षण तथा मानवता के मंगल की कामना की जा रही है। वहीं पुराण वाचन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित होकर धर्म, अध्यात्म एवं संस्कृति से जुड़े प्रसंगों का श्रवण कर रहे हैं।
कार्तिकेय मन्दिर समिति अध्यक्ष बिक्रम सिंह नेगी ने बताया कि 11 दिवसीय महायज्ञ का समापन सोमवार को पूर्णाहुति एवं विशाल भंडारे के साथ होगा। समापन अवसर पर हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है, जिसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली गई हैं। उन्होंने बताया कि कुमार लोक में आयोजित इस महायज्ञ ने पूरे क्षेत्र को भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत कर दिया है। प्रतिदिन बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या इस धार्मिक आयोजन की लोकप्रियता एवं महत्व को दर्शा रही है। बताया कि कल होने वाली पूर्णाहुति के साथ यह विराट धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होगा । इस मौके पर पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष सुमन्त तिवारी, जिला पंचायत सदस्य चोपता सम्पन्न नेगी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य बीर सिंह बुडेरा, कार्तिकेय मन्दिर समिति प्रबंधक पूर्ण सिंह नेगी, उपाध्यक्ष उत्तराज नेगी, सचिव बलराम सिंह नेगी, पंचम सिंह नेगी, सन्दीप बर्त्वाल, कथावाचक वासुदेव प्रसाद थपलियाल, सुधीर नौटियाल, चन्दन सिंह नेगी पंकज सिंह नेगी , धीरज सिंह नेगी सहित हजारों श्रद्धालु मौजूद थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!