उत्तराखंडगांवफटाफट ख़बरेंरुद्रप्रयागसुरक्षा

जखोली विकासखंड के देवल गांव में घूम रहे दो गुलदार, घास काट रही महिला को गुलदार ने उतारा मौत के घाट, ,

क्षेत्र में गुलदार की पांचवी घटना में एक महिला की मौत,

चार महिलाओं को गंभीर रूप से गुलदार कर चुका है घायल,

रुद्रप्रयाग।  जखोली ब्लॉक के अंतर्गत ग्राम पंचायत देवल की एक महिला को गुलदार ने अपना निवाला बना दिया। महिला घर से कुछ दूर अपने खेतों में घास काटने गई थी, जहां घात लगाए गुलदार ने अचानक से महिला पर जानलेवा हमला कर दिया। हमला करने के बाद गुलदार महिला को चार से पांच खेतों तक घसीटकर ले गया। जब तक गांव के अन्य लोग वहां पहुंचते, तब तक महिला की जान जा चुकी थी। दो माह के अंतराल में गुलदार ग्राम पंचायत की ही तीन महिलाओं पर जानलेवा हमला कर गंभीर घायल कर चुका है। घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है और ग्रामीण लोग डर के साये में हैं।

मंगलवार सांय पांच बजे के लगभग घर से कुछ दूर खेतों में घास लेने गई देवल गांव की सर्वेश्वरी देवी (77) पत्नी इन्द्र दत्त उनियाल पर घात लगाये गुलदार ने जानलेवा हमला कर दिया। हमला करने के बाद गुलदार महिला को चार से पांच खेतों तक घसीटकर ले गया। आस-पास मौजूद महिलाओं ने यह दृश्य देखा तो वे जोर-जोर से चिल्लाने लगी। जब तक अन्य ग्रामीण घटना स्थल पर पहुंचते, तब तक महिला की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। घटना के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया। तीन दिन के भीतर गुलदार ने दूसरी महिला पर हमला किया है। ग्रामीणों के अनुसार गांव में दो गुलदार एक साथ घूम रहे हैं। विगत तीन महीनों से गांव में गुलदार का आतंक है। गुलदार के चार हमलों में ग्रामीण महिलाएं घायल हुई, लेकिन पांचवे हमले में गुलदार ने महिला को मौत घाट उतार दिया।

एक दिन पूर्व ही क्षेत्र के ग्रामीणों ने वन विभाग कार्यालय जखोली में धरना-प्रदर्शन कर गुलदार को नष्ट करने की मांग की थी। क्षेत्र में गुलदार को पकड़ने को लेकर वन विभाग की लापरवाही भी सामने आई है। जब चार महिलाओं पर गुलदार पूर्व में ही हमला कर चुका था तो इस बीच गुलदार को नष्ट करने के प्रयास नहीं किये गये। सिर्फ पिंजरा लगाकर इतिश्री की गई, लेकिन गुलदार पिंजरे में कैद नहीं हो पाया और क्षेत्र में ही घूमता रहा।

वहीं जिलाधिकारी डॉ सौरभ गहरवार ने कहा कि आदमखोर गुलदार को शूट करने को लेकर देहरादून और पौड़ी से दो शूटर देवल गांव पहुंच गए हैं। जल्द ही गुलदार को शूट कर ग्रामीणों को राहत दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!