ऊखीमठ में विधायक चैम्पियनशिप ट्राफी का शुभारंभ

लक्ष्मण सिंह नेगी।
ऊखीमठ। युवा कल्याण विभाग के तत्वावधान में राजकीय इंटर कॉलेज के खेल मैदान में विधायक चैम्पियनशिप ट्राफी का रंगारंग शुभारंभ हुआ। खेल प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में लोक रंग भर दिए। विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे युवा प्रतिभागियों ने खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन शुरू किया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने प्रतियोगिता का शुभारंभ करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता उन्हें उचित मंच, संसाधन और अवसर उपलब्ध कराने की है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की खेल प्रतियोगिताएं युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने के साथ ही अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की सीख देती हैं।
विशिष्ट अतिथि राज्यमंत्री ने कहा कि खेल युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण का सशक्त माध्यम हैं। ग्रामीण अंचलों में आयोजित होने वाली खेल प्रतियोगिताओं से स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर रहे सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए खेल भावना के साथ मैदान में उतरने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य सुबोध बगवाड़ी ने कहा कि खेलों के माध्यम से युवा अपनी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा दे सकते हैं। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में खेल गतिविधियों को निरंतर प्रोत्साहित किए जाने की आवश्यकता जताई। खंड विकास अधिकारी अनुष्का ने भी प्रतियोगिता के आयोजन को युवाओं के लिए उपयोगी बताते हुए कहा कि खेल मैदान प्रतिभाओं को पहचान देने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
उद्घाटन समारोह में विभिन्न विद्यालयों एवं क्षेत्रों से आए प्रतिभागियों तथा स्थानीय लोगों की मौजूदगी से खेल मैदान में उत्साह का माहौल रहा। सांस्कृतिक दलों ने लोकगीत एवं लोकनृत्य की मनोहारी प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम को आकर्षक बना दिया। रंग-बिरंगे परिधानों में कलाकारों की प्रस्तुतियों पर दर्शक भी झूमते नजर आए।
विधायक चैम्पियनशिप ट्राफी में क्षेत्र के विभिन्न स्थानों से पहुंचे प्रतिभागी अलग-अलग खेल स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी ज्योति बिष्ट ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान कर उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में एथलेटिक्स, कबड्डी, खो -खो , मुर्गाझपट, बांलीबाल सहित अनेक प्रतियोगिताये आयोजित की जा रही है। इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख पंकज शुक्ला, कनिष्ठ प्रमुख प्रदीप त्रिवेदी, युवा कल्याण परिषद सदस्य राकेश भण्डारी, क्षेत्र पंचायत संगठन जिला अध्यक्ष गिरीश चौहान, सभासद बलवीर पंवार, नवदीप नेगी, विपिन रावत, देवेन्द्र बजवाल, वीरेन्द्र सिंह नेगी, सरोज सिंह नेगी, प्रेम सिंह नेगी सहित विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिभागी व आयोजक मण्डल के सदस्य मौजूद थे।



