
रूद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम की पैदल यात्रा मार्ग पर शुक्रवार को पोल संख्या 98 और 99 के बीच पहाड़ी से बोल्डर व पत्थर गिरने के कारण मार्ग अवरुद्ध हो गया। इस हादसे के बाद घोड़ा, डंडी और कंडी का संचालन अस्थायी रूप से रोक दिया गया है।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि बोल्डर गिरने की सूचना मिलते ही तत्काल राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंच गए। वर्तमान में पैदल यात्रियों का आवागमन सुचारु रूप से जारी है। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए घटनास्थल पर DDRF, पुलिस चौकी जंगलचट्टी और MTF भीमबली की टीमें तैनात की गई हैं। स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
लोक निर्माण विभाग, गुप्तकाशी के निर्माण खंड के कनिष्ठ अभियंता ने जानकारी दी कि मार्ग को जल्द से जल्द खोलने के लिए 14 श्रमिकों को काम पर लगाया गया है। मलबा हटाने का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है।
अधिकारियों का कहना है कि मौसम और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ही घोड़ा-डंडी सेवा को दोबारा शुरू किया जाएगा। प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे मार्ग पर चलते समय सतर्क रहें और अधिकारियों के निर्देशों का पालन करें।



