विधायक आशा नौटियाल ने सल्या, ल्वाणी,घुत्तू, खेड़ा और तुलंगा गांवों का किया भ्रमण, ग्रामीणों की सुनी समस्याएं, विकास कार्यों की दी जानकारी

गुप्तकाशी। केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने शनिवार को सल्या, घुत्तू, खेड़ा और तुलंगा गांवों का भ्रमण कर ग्रामीणों से मुलाकात की तथा उनकी जनसमस्याओं को गंभीरता से सुना। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में संचालित एवं प्रस्तावित विकास कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार गांवों के समग्र विकास और मूलभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इस दौरान विधायक नौटियाल ने पीएमजीएसवाई के अधिकारियों के साथ घुत्तू–तुलंगा–खेड़ा मोटर मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने सड़क सुधारीकरण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया तथा अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप, उच्च गुणवत्ता के साथ और समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर सड़क संपर्क से शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और रोजगार के अवसरों को नई गति मिलती है, इसलिए सड़क निर्माण एवं सुधारीकरण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। कहा कि क्षेत्र का समग्र एवं संतुलित विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप विकास कार्यों को गति देने, मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने तथा प्रत्येक गांव तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए वे निरंतर प्रयासरत हैं। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य सुबोध बगवाड़ी,क्षेत्र पंचायत सदस्य बीरेंद्र सिंह, अधिशासी अभियंता योगेश कोठियाल, अवर अभियंता बीरेंद्र फ़र्स्वाण सहित ग्रामवासी मौजूद रहे।



