उत्तराखंडफटाफट ख़बरेंरुद्रप्रयागशिक्षा

डाॅ जैक्सवीन नेशनल स्कूल गुप्तकाशी में महिला सम्मान समारोह का आयोजन, मां शारदा कीर्ति सम्मान से सम्मानित हुई तीस से अधिक महिलाएं

डाॅ जैक्सवीन नेशनल स्कूल गुप्तकाशी में महिला सम्मान समारोह का आयोजन
गुप्तकाशी। महिला सशक्तिकरण एवं सुरक्षा सप्ताह कार्यक्रम के तहत जीवन निर्माण एजुकेशन सोसाइटी द्वारा संचालित डाॅ जैक्सवीन नेशनल स्कूल गुप्तकाशी में मां शारदा कीर्ति सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें सामाजिक व शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं के साथ ही विद्यालय में कार्यरत सभी शिक्षक, शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि सब इंस्पेक्टर थाना गुप्तकाशी राखी बिष्ट, तीलू रौतेली पुरस्कार से सम्मानित उपासना सेमवाल ,पूर्व ब्लॉक प्रमुख ममता नौटियाल एवं विनीता राणा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर विद्यालय की छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुतियां दी, जिसका अतिथियों एवं अभिभावकों नेे जमकर लुत्फ उठाया। साथ ही इस मौके पर छात्रों ने नवाचार और तकनीकी परिवर्तन के तहत महिलाओं एवं लड़कियों में लैंगिक समानता और सशक्तिकरण विषय पर भी अपने विचार रखे।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि तीलू रौतेली पुरस्कार से सम्मानित एवं कवियत्री उपासना सेमवाल ने कहा कि महिलाओं का सम्मान ही सर्वोच्च सम्मान है। इनका सम्मान सिर्फ एक दिन ही नहीं, बल्कि हमेशा ही होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जब कोई महिला सम्मानित होती है तो बड़ी खुशी होती है। पूर्व ब्लॉक प्रमुख ममता नौटियाल ने कहा कि समाज में महिलाओं का सम्मान सदा होना चाहिए। शिक्षिका कुसुम भट्ट ने विद्यालय द्वारा इस प्रकार के सम्मान समारोह की तारीफ करते हुए कहा कि आज यहां सम्मानित होने वाली महिलायें शायद ही पहले किसी मंच पर सम्मानित हुई होंगी। इसलिए यह समारोह सभी से अलग तरह का सम्मान समारोह है। सम्मानित होने वाली समस्त मातृ शक्ति को नमन करते हुए उन्होंने हार्दिक शुभकामनायें प्रेषित की।
कार्यक्रम में तीस से अधिक महिलाओं को विशिष्ट कार्यो के लिए मां शारदा कीर्ति सम्मान से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन करते हुए विद्यालय के संस्थापक चेयरमैन लखपत सिंह राणा ने कहा कि संस्था इस तरह के आयोजनों से एक सुंदर, खुशहाल एवं मजबूत समाज के निर्माण के लिए अपनी भागेदारी निभा रहा है, संस्था द्वारा सदैव समाज में जन चेतना एवं जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते है। सम्मान समारोह के उपरान्त विद्यालय के छात्र-छात्राओ एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं ने होली मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया, जिसमें सभी ने आपस में रंग और गुलाल लगाकर होली की बधाई दीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!