उत्तराखंडगांवफटाफट ख़बरेंराजनीतिराष्ट्रीयरुद्रप्रयाग

काण्डई दशज्यूला-सारी मंडल में विराट हिंदू सम्मेलन, रोटी, बेटी और चोटी की रक्षा का लिया संकल्प

काण्डई दशज्यूला-सारी मंडल में विराट हिंदू सम्मेलन, रोटी, बेटी और चोटी की रक्षा का संकल्प

रूद्रप्रयाग। जनपद के काण्डई दशज्यूला क्षेत्र में विराट हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया।  राजकीय जूनियर हाईस्कूल (पुराने) के प्रांगण में आयोजित ‘विराट हिन्दू सम्मेलन’ में महिलाओं द्वारा जल कलश यात्रा निकाली गई, तथा भारत माता एवं देवी-देवताओं के जयकारों के साथ आयोजन का शुरू किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र की जनता ने भारी संख्या में शिरकत कर सनातन धर्म के प्रति अपनी अटूट आस्था का परिचय दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन व गौ पूजन के साथ किया गया।

मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचारक मनोज ने संघ की स्थापना से लेकर १०० वर्ष की यात्रा के संघर्ष और उपलब्धियों को साझा किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह सम्मेलन केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि हमारी सभ्यता और संस्कृति की गौरवशाली परंपरा को याद करने का एक महा-अभियान है। उन्होंने महाराणा प्रताप, गुरु गोविंद सिंह, गुरु तेग बहादुर, वीर शिवाजी जैसे अनेक महापुरुषों के जीवन  में घटित घटनाओं को प्रस्तुत कर जन समूह में ओज भर दिया।

कोटेश्वर मंदिर के मठाधीश शिवानंद गिरी महाराज ने  हिन्दुओं को जागृत होने का आह्वान किया। उन्होंने स्थानीय विषयों को प्रमुखता से उठाते हुए कहा कि “पाश्चात्य संस्कृति के अनुसरण से हमारे 16 संस्कारों और गौरवशाली परंपराओं का हनन हो रहा है। उन्होंने ‘रोटी, बेटी और चोटी’ की रक्षा पर विशेष जोर देते हुए कहा कि हिंदू सम्मेलनों के माध्यम से हमें एक मंच पर आना चाहिए और धर्म की रक्षा के लिए बलिदान देने वाली महान विभूतियों से प्रेरणा लेनी चाहिए।

कथावाचक राधिका जोशी ने कहा कि संस्कृति के संरक्षण में मातृशक्ति की भूमिका को आधारशिला बताते हुए महिलाओं से अपनी विरासत को बचाने में योगदान देने की अपील की। उन्होंने नशे से दूर रहने तथा समाज में आपसी प्रेम भाव रख संगठित होने का आह्वाहन किया।

कार्यक्रम के दौरान स्कूली छात्र-छात्राओं और महिला मंगल दलों द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं। कार्यक्रम में शराब बंदी के विरुद्ध मिसाल पेश करने वाली महिला मंगल दल क्यूड़ी मलांस की महिलाओं को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम संयोजक जिला पंचायत सदस्य जयवर्धन काण्डपाल ने विराट हिन्दू सम्मेलन के सफल संचालन हेतु सभी अतिथियों, महिला मंगल दलों, नवयुवक मंगल दलों, मंदिर व पांडव समितियों और भजन-कीर्तन मंडलियों का आभार जताया।

इस अवसर पर केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल, संघ के सह विभाग संघचालक भजन सिंह खत्री, जिला संघ चालक तेजपाल सिंह खत्री, जिला प्रचारक पंकज, ललिता पुरोहित, लक्ष्मी पुरोहित, विजयपाल कठेत, सुदर्शन नेगी, दलवीर नेगी, गोपाल बासकंडी, विवेक कांडपाल, देवेंद्र बासकंडी, आशीष पुरोहित, सुभाष चौहान, नमिता कांडपाल, सुमन पंवार और कुसुम राणा सहित ग्रामीण उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!