
केदारनाथ धाम में बारिश और बर्फबारी, बढ़ी ठंड
जिला प्रशासन की यात्रियों से अपील, गर्म कपड़े और रेनकोट साथ लेकर चलें
रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम सहित केदारघाटी में मौसम का मिजाज बदल गया है। जनपद के विभिन्न हिस्सों में सुबह से हल्की बारिश हो रही है, जबकि केदारनाथ धाम में रुक-रुककर बारिश का दौर जारी है। वहीं धाम में आज प्रातः बर्फबारी शुरू हो गई ,जिसे देख यात्री आनंदित हो उठे। बारिश के साथ चल रही सर्द हवाओं के कारण तापमान में गिरावट आई है और ठंड बढ़ने लगी है। ऐसे में जिला प्रशासन ने धाम की यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं से गर्म कपड़े और रेनकोट साथ लेकर चलने की अपील की है।
जनपद में सुबह से मौसम बदला हुआ है। केदारनाथ धाम और केदारघाटी के विभिन्न क्षेत्रों में हल्की बारिश होने से ठंड में इजाफा हुआ है। धाम में रुक-रुककर हो रही बारिश और सर्द हवाओं के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है।
मौसम में आए बदलाव को देखते हुए जिला प्रशासन ने केदारनाथ धाम की यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं से सावधानी बरतने की अपील की है। प्रशासन ने यात्रियों को अपने साथ रेनकोट, गर्म कपड़े और जरूरी सामान रखने की सलाह दी है। साथ ही श्रद्धालुओं से मौसम की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।
फिलहाल, केदारनाथ धाम सहित केदारघाटी में ठंड और बढ़ने लगी है। ऐसे में यात्रियों को मौसम के अनुरूप तैयारी के साथ ही यात्रा करने की जरूरत है।



