ग्रामीणों ने लगाए विभाग पर अनदेखी का आरोप, तीन साल बीत जाने पर भी खाट- खड़िया मोटर मार्ग का कार्य नही हुआ पूर्ण
लोक निर्माण विभाग नही ले रहा सुध

रूद्रप्रयाग/फाटा। विकासखण्ड ऊखीमठ के खाट- खड़िया के लिए जिला योजना के तहत स्वीकृत 500 मीटर मोटर मार्ग का कार्य तीन साल बीत जाने के बाद भी पूर्ण नही हो पाया।
केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर फाटा कस्बे से पहले ग्रामसभा खाट- खड़िया हेतु जिला योजना के तहत स्वीकृत 500 मीटर सड़क का कार्य तीन साल पहले प्रारम्भ हुआ था। सड़क पर कटिंग का कार्य तो पूर्ण हो गया लेकिन द्वितीय चरण के लिए बजट न होने हवाला देते हुए कार्य को रोक दिया गया। ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने इसके बाबत विभागीय अधिकारियों को कई बार सूचित किया लेकिन आज तक कार्य पूर्ण नही हो पाया।
दरअसल, खाट- खड़िया मोटर मार्ग का 500 मीटर शुरुवाती हिस्सा जिला योजना के तहत स्वीकृत हुआ था, जिसमें सड़क कटिंग का कार्य किया गया। ,वहीं अतिरिक्त 5 किमी की सड़क पीएमजीएसवाई के तहत बना दी गई जिस पर सड़क कटिंग के साथ ही कुछ हिस्सों पर डामरीकरण का कार्य भी पूर्ण किया गया है।
ग्राम प्रधान खड़िया पूनम देवी ने कहा कि मुख्य राजमार्ग से खाट- खड़िया की यह सड़क का 500 मीटर हिस्सा जिला योजना के तहत स्वीकृत हुआ, इस पर कटिंग कार्य तो किया गया लेकिन उस से आगे का कार्य तीन साल से बीत जाने का बाद भी पूर्ण नही किया गया, इस सड़क के लिए कई बार उच्च अधिकारियों को अवगत किया गया लेकिन हमेशा से इस कार्य की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने कहा कि शेष पीएमजीएसवाई के तहत सड़क का कार्य प्रगति पर है।
ग्रामीण विजय सिंह शाह ने कहा कि गांव की सड़क का शुरुआती हिस्सा खतरों भरा बना हुआ है कटिंग कार्य के बाद इस पर नालियों का निर्माण व डामरीकरण का कार्य नही किया गया। जिस से इस पर आवगमन करना खतरों भरा बना हुआ है।
पूर्व प्रधान खड़िया रघुवीर सिंह शाह ने कहा कि विभागीय अधिकारी एवं ठेकेदार कार्य करने हेतु टालमटोल जवाब दे रहे हैं। इस सड़क पर कुछ दिन पूर्व एक हादसा भी हुआ था। तभी से ग्रामीण आवागमन करने में भयभीत हैं।
ग्रामीणों ने जिला योजना के तहत स्वीकृत 500 मीटर खाट – खड़िया सड़क के इस पेंच को अतिशीघ्र पूर्ण करने की मांग की है।



