उत्तराखंडखास खबरेंदेश

सिलक्यारा सुरंग हादसा : प्रधानमंत्री के प्रमुख सचिव ने किया रेस्क्यू ऑपरेशन का निरीक्षण 

सिलक्यारा सुरंग हादसा : प्रधानमंत्री के प्रमुख सचिव ने किया रेस्क्यू ऑपरेशन का निरीक्षण

उत्तरकाशी। सिलक्यारा सुरंग रेस्क्यू कार्यों का जायजा लेने के लिए सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रमुख सचिव डॉ.पीके मिश्रा एवं सचिव, गृह मंत्रालय, भारत सरकार अजय भल्ला पहुंचे। इस दौरान उन्होंने ग्राफिकल प्रेजेंटेशन एवं मैपिंग के माध्यम से सुरंग की भौगोलिक परिस्थितियों को समझा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रमुख सचिव डॉ. पी.के. मिश्रा ने सुरंग के अंदर चल रहे रेस्क्यू कार्यों की बारीकियों को देखा साथ ही उन्होंने अधिकारियों के साथ ही रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटे श्रमिकों, इंजीनियरों से भी जानकारी ली। उन्होंने रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटे सभी श्रमिकों का हौसला भी बढ़ाया।
प्रमुख सचिव डॉ.पी.के. मिश्रा ने ऑगर मशीन की ब्लेड एवं सॉफ्ट को काटने की प्रक्रिया में लगे श्रमिकों टिंकू दुबे, शशिकांत, झारू राम, अमित राधे रमण दुबे, एन.डी अहमद, ओम प्रकाश से बात कर उनका कुशलक्षेम जानते हुए उनके काम की सराहना भी की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि अंदर फंसे श्रमिकों के साथ राहत बचाव कार्य में जुटे सभी लोगों की सुरक्षा का भी विशेष ध्यान रखा जाए।
प्रमुख सचिव डॉ. मिश्रा ने सुरंग के अंदर फँसे श्रमिकों के लिए भेजे जा रहे भोजन सामग्री की गुणवत्ता के बारे में जानकारी ली।
प्रमुख सचिव डॉ. मिश्रा ने सुरंग में एसडीआरएफ द्वारा स्थापित ऑडियो कम्युनिकेशन सेटअप एवं बीएसएनएल द्वारा स्थापित टेलिफोनिक कम्युनिकेशन सिस्टम के माध्यम से अंदर फंसे श्रमिकों में से गब्बर सिंह एवं अन्य लोगों से वार्ता कर उनका हाल चाल जाना। उन्होंने वार्ता के दौरान श्रमिकों से अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखने की बात कही। उन्होंने श्रमिकों से खाने, पीने, बिजली, पानी की आपूर्ति के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा रेस्क्यू ऑपरेशन हेतु सभी लोग मेहनत कर रहे हैं। कई मोर्चों पर कार्य चल रहा है। सभी को जल्द से जल्द निकाले जाने की कोशिश जारी है। प्रमुख सचिव डॉ मिश्रा ने सुरंग में फंसे श्रमिकों के परिजनों से मुलाकात कर उनका हौसला बढ़ाया। उन्होंने कहा श्रमिकों को जल्द ही बाहर निकाल लिया जाएगा। परिजनों के साथ ही पूरा देश उनके शीघ्र और सुरक्षित निकाले जाने की दुआ कर रहा है। परिजनों को हौसला बनाए रखना होगा। सरकार हर स्थिति पर श्रमिकों के परिजनों के साथ खड़ी है।
इस दौरान प्रधानमंत्री के पूर्व सलाहकार एवं उत्तराखंड सरकार के विशेष कार्याधिकारी भास्कर खुल्बे, मुख्य सचिव डॉ. एस.एस संधु, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय (भारत सरकार) के सचिव अनुराग जैन, एमडी एनएचआईडीसीएल महमूद अहमद, सचिव डॉ. नीरज खैरवाल, पीएमओ उप सचिव मंगेश घिल्डियाल, सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी, जिलाधिकारी अभिषेक रूहेला एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!