उत्तराखंडफटाफट ख़बरेंराजनीतिराष्ट्रीयरुद्रप्रयाग

उत्तराखंड राज्य स्थापना की रजत जयंती एवं सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर यूनिटी मार्च आयोजित

उत्तराखंड राज्य स्थापना की रजत जयंती एवं सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर यूनिटी मार्च आयोजित

मुख्य विकास अधिकारी ने हरी झंडी दिखाकर किया रैली का शुभारंभ

स्कूली छात्र-छात्राओं, महिला मंगल दलों एवं जनसामान्य ने दिखाया एकता और देशभक्ति का उत्साह

रैली में उत्तराखंड की लोक संस्कृति की झलक रही मुख्य आकर्षण

रूद्रप्रयाग। उत्तराखंड राज्य स्थापना की रजत जयंती तथा राष्ट्रीय एकता के प्रतीक लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में आज दिनांक 09 नवंबर, 2025 को जनपद रुद्रप्रयाग के अगस्त्यमुनि में भव्य “यूनिटी मार्च” का आयोजन किया गया। यह रैली राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय अगस्त्यमुनि से प्रारंभ होकर अगस्त्यमुनि खेल मैदान तक निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, महिला मंगल दलों, युवा मंगल दलों एवं स्थानीय जनमानस ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। माय भारत के उप निदेशक, राहुल डबराल के निर्देशन में कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष ऐश्वर्या रावत द्वारा ध्वजारोहण एवं सलामी लेकर किया गया। तत्पश्चात स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा “यूनिटी मार्च” प्रभात फेरी निकाली गई, जिसमें “एक भारत श्रेष्ठ भारत”, “राष्ट्र प्रथम”, “जय उत्तराखंड” “एकता हमारी शक्ति है” जैसे नारों से वातावरण गूंज उठा।

इस अवसर पर महिला मंगल दल एवं युवा मंगल दल की महिलाओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं, जिनमें उत्तराखंडी लोकसंस्कृति की जीवंत झलक दिखाई दी।

“यूनिटी मार्च” के माध्यम से जनमानस ने उत्तराखंड राज्य स्थापना की रजत जयंती वर्ष पर एकता, सौहार्द, देशभक्ति और समर्पण का संदेश दिया। यह आयोजन राज्य की गौरवशाली यात्रा, राज्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले राज्य आंदोलनकारियों के योगदान का सम्मान करना एवं उनके त्याग संघर्ष और बलिदान को जनमानस के समक्ष आदरपूर्वक स्मरण कर नई पीढ़ी को प्रेरित करने के साथ ही राष्ट्रीय एकता की भावना को जन-जन तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण रहा।

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी राजेन्द्र सिंह रावत,अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा, अगस्त्यमुनि ब्लॉक प्रमुख भुवनेश्वरी देवी, कार्तिकस्वामी मंदिर समिति के अध्यक्ष विक्रम सिंह नेगी, मुख्य शिक्षा अधिकारी प्रमेंद्र बिष्ट, उप-निदेशक माय भारत राहुल डबराल, जिला क्रीड़ा अधिकारी मनोज चौहान सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!