उत्तराखंडफटाफट ख़बरेंरुद्रप्रयाग

5 हजार किमी साइकिल यात्रा पर निकले दो युवा पहुंचे कार्तिक स्वामी, गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा दिलाने का संकल्प

लक्ष्मण सिंह नेगी।

ऊखीमठ। गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा दिलाने तथा सनातन धर्म के व्यापक प्रचार-प्रसार का संदेश लेकर गुजरात के सोमनाथ क्षेत्र से निकले दो युवा साइकिल यात्री कार्तिक स्वामी तीर्थ पहुंच गए हैं। लगभग 5 हजार किलोमीटर की कठिन साइकिल यात्रा तय कर कार्तिक स्वामी धाम पहुंचने पर कार्तिकेय मन्दिर समिति, स्थानीय श्रद्धालुओं, व्यापारियों
एवं क्षेत्रीय जनता ने उनका भव्य स्वागत किया। गुजरात के सोमनाथ निवासी 20 वर्षीय सियाल निकुल एवं जगदीश ने बताया कि उन्होंने गौ संरक्षण, भारतीय संस्कृति के संवर्धन तथा धार्मिक चेतना जागृत करने के उद्देश्य से यह विशेष यात्रा विगत १४ फरवरी को शुरू की है। यात्रा के दौरान वे विभिन्न राज्यों, धार्मिक स्थलों एवं गांवों में पहुंचकर लोगों को गौ सेवा, पर्यावरण संरक्षण और भारतीय संस्कृति के महत्व के प्रति जागरूक कर रहे हैं।
दोनों युवाओं ने बताया कि कार्तिक स्वामी तीर्थ पहुंचना उनके लिए अत्यंत सौभाग्य की बात है। हिमालय की गोद में स्थित यह पवित्र धाम आध्यात्मिक ऊर्जा का अद्भुत केंद्र है। उन्होंने यहां भगवान कार्तिकेय की पूजा-अर्चना कर देश एवं समाज की सुख-समृद्धि की कामना की। युवाओं ने बताया कि कार्तिक स्वामी धाम के दर्शन के बाद वे पंच केदार यात्रा पर प्रस्थान करेंगे। इसके उपरांत वे भगवान बदरी विशाल के दर्शन कर अपनी यात्रा को आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने कहा कि उनकी यह यात्रा केवल धार्मिक यात्रा नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक संदेश पहुंचाने का एक प्रयास है। कार्तिकेय मन्दिर समिति अध्यक्ष बिक्रम सिंह नेगी , पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य घिमतोली मगन सिंह नेगी, अर्जुन सिंह नेगी, सामाजिक कार्यकर्ता पंकज सिंह नेगी ने दोनों युवाओं के साहस, दृढ़ संकल्प एवं धार्मिक आस्था की सराहना करते हुए कहा कि आधुनिक दौर में जहां युवा वर्ग भौतिकता की ओर आकर्षित हो रहा है, वहीं ऐसे युवा समाज को संस्कृति एवं आध्यात्मिक मूल्यों से जोड़ने का प्रेरणादायी कार्य कर रहे हैं। कार्तिक स्वामी तीर्थ में पहुंचे श्रद्धालुओं एवं यात्रियों ने भी दोनों युवाओं से मुलाकात कर उनकी यात्रा के अनुभव सुने तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। युवाओं ने कहा कि पंच केदार एवं बद्रीनाथ धाम की यात्रा पूर्ण करने के बाद वे अपने गांव लौटेंगे तथा समाज हित में इसी प्रकार जनजागरण अभियान चलाते रहेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!