भालू के हमले में दो मवेशियों की मौत, गांव में दहशत का माहौल

भालू के हमले में दो मवेशियों की मौत, गांव में दहशत का माहौल
फाटा। केदारघाटी की ग्राम सभा खड़िया में भालू के हमले में बीती रात एक मवेशी की मौत हो गई। वहीं ग्रामीणों में इस घटना से दहशत का माहौल बना हुआ है।
ग्राम सभा खड़िया फाटा के सिरवा तोक में रविवार देर रात्रि रणजीत सिंह ग्राम खड़िया की गौशाला पर भालू ने हमला कर गौशाला में बंधे बैल को मार दिया। ग्रामीणों ने घटना की सूचना तत्काल वन विभाग के कर्मचारियों को दी सूचना प्राप्त होते ही तत्काल मौके पर पहुंच फॉरेस्टर ने घटना का मुआयना किया। ग्रामीणों ने बताया कि भालू का आतंक गांव में विगत बीस दिनों से बना हुआ है, विगत शुक्रवार को भी भालू ने गौशाला का दरवाजा तोड़ कर सुमित बजवाल ग्राम खड़िया निवासी के बैल पर हमला कर उसे मार दिया। गांव में हो रही इन घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है। ग्रामीण धीरेन्द्र सिंह रावत ने बताया कि विगत बीस दिनों से ग्राम सभा में भालू का आतंक बना हुआ है। गांव में भालू द्वारा चार से पांच गौशालाओं को क्षतिग्रस्त किया गया है।
उन्होंने बताया कि विगत शुक्रवार ओर रविवार को भालू ने गौशालाएं तोड़कर बैलों को मौत के घाट उतार दिया। गांव में हो रही इन घटनाओं से बच्चे ,बुजुर्ग एवं महिलाओं में दहशत का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने वन विभाग से अतिशीघ्र भालू को पकड़ने की मांग की है। वहीं वन क्षेत्राधिकारी गुप्तकाशी हरि शंकर सिंह रावत ने बताया कि घटना की सूचना प्राप्त होते ही वन विभाग के कर्मचारी मौके के लिए रवाना हुए ,मृत बैल को देखा गया ,तथा घटना के चारों ओर का मुआयना किया गया। जिसमें जंगली भालू के पग चिन्ह देखे गए हैं। उन्होंने बताया कि घटना का तत्काल संज्ञान लेकर रात्रि में गश्त हेतु वन विभाग की टीम रवाना की जाएगी। जिनके द्वारा रात्रि में भालू को भगाने तथा जल्द ही उसे पकड़ने हेतु पिंजरा लगाया जाएगा।



