सोनप्रयाग-गौरीकुंड हाईवे को लेकर केदारघाटी के व्यापारियों ने किया प्रदर्शन

गौरीकुंड से शटल पार्किंग तक शासन-प्रशासन के खिलाफ लगाए नारे,
प्रदेश सरकार की गलत नीतियों का पुतला दहन किया,
फाटा। सोनप्रयाग गौरीकुंड हाइवे के हालात आपदा के 58 दिन बाद भी ठीक न होने से नाराज केदारघाटी के व्यापारियों ने जोरदार प्रदर्शन किया।
सोनप्रयाग-गौरीकुंड हाईवे के हालात ठीक न होने से व्यापार संघ गौरीकुंड के नेतृत्व में सोनप्रयाग के व्यापारी, श्रीकेदारधाम होटल एसोसिएशन केदारघाटी, जीप टैक्सी यूनियन गुप्तकाशी एवं घोडा संचालक के सदस्यों ने गौरीकुंड से शटल पार्किग तक शासन-प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन कर नारेबाजी की। इसके बाद प्रदेश सरकार की गलत नीतियों का पुतला भी दहन किया।
सोनप्रयाग शटल सेवा पार्किग में प्रदर्शन के उपरान्त व्यापार संघ अध्यक्ष गौरीकुंड रामचन्द्र गोस्वामी ने कहा कि गत् दिनों यात्रा से जुडे़ कारोबारियों ने जिला प्रशासन को हाईवे की स्थिति सुधारने को लेकर एक सामूहिक ज्ञापन सौंपा था, लेकिन समयावधि बीत जाने के बाद हाईवे पर कोई कार्य नहीं किया गया। जिससे नाराज व्यापारियों ने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया है। व्यापार संघ अध्यक्ष सोनप्रयाग अंकित गैरोला ने कहा कि यात्रा से जुडे समस्त व्यापारियों द्वारा पूर्व में लगातार सोनप्रयाग-गौरीकुंड हाईवे की स्थिति सुधार लाने की मांग की जा रही है, लेकिन गत दिनों वाहन हादसा होने के बाद शटल सेवा के आगमन रोक लगा दी गई। जिसको लेकर व्यापारियों ने अपना विरोध प्रकट किया है। यात्रा मजिस्ट्रेट संदीप कुमार एवं कोतवाली प्रभारी सोनप्रयाग देवेन्द्र असवाल ने मौके पर पहुंचकर कारोबारियों से वार्ता की। उन्होने व्यापारियों की मांगों पर त्वरित कार्यवाही का भरोसा दिलाया। उसके बाद शटल सेवा का संचालन शुरू किया गया।
वहीं व्यापारियों ने मांग रखी की सोनप्रयाग-गौरीकुंड हाईवे पर डेंजर जोन एवं मलबे के ढेरों को शीघ्र हटाया नहीं गया तो मजबूरन उन्हें उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होना पडे़गा। प्रदर्शन करने वालों में होटल एसोसिएशन अध्यक्ष प्रेम गोस्वामी, सचिव नितिन जमलोकी, जीप टैक्सी यूनियन उपाध्यक्ष रमेश भटट, घोडा-खच्चर यूनियन संरक्षक अवतार नेगी, अशोक सेमवाल, रजनीश गौरोला, धर्मेश नौटियाल, कमलेश भटट, अतुल जमलोकी, दीर्घायु प्रसाद, गौरी शंकर, कुशाल गोस्वामी, समेत व्यापारी एवं टैक्सी यूनियन के सदस्य मौजूद थे।



