उत्तराखंडगांवधार्मिकरुद्रप्रयाग

कार्तिक स्वामी में आयोजित महायज्ञ में उमड़ रहा आस्था का सैलाब, विश्व कल्याण की कर रहे कामना

लक्ष्मण सिंह नेगी

ऊखीमठ। भगवान कार्तिकेय मंदिर में आयोजित 11 दिवसीय महायज्ञ एवं पुराण वाचन कार्यक्रम में प्रतिदिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। धार्मिक अनुष्ठानों, वैदिक मंत्रोच्चार तथा हवन-यज्ञ की पावन ध्वनि से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर है। दूर-दराज के गांवों सहित विभिन्न जनपदों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु कुमार लोक पहुंचकर यज्ञ में सहभागिता कर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं। महायज्ञ के अंतर्गत विद्वान आचार्यों के सानिध्य में प्रतिदिन विशेष पूजन एवं हवन कार्यक्रम संपन्न हो रहे हैं। यज्ञशाला में स्थापित हवन कुण्ड में घृत, नवधान्य, औषधीय वनस्पतियों, समिधा तथा विभिन्न प्रकार की पूजा सामग्री से आहुतियां अर्पित की जा रही हैं। आचार्यों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विश्व शांति, मानव कल्याण एवं सुख-समृद्धि की कामना की जा रही है। महायज्ञ में शामिल श्रद्धालुओं का कहना है कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में आध्यात्मिक चेतना का संचार होता है तथा भारतीय संस्कृति और सनातन परम्पराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का अवसर मिलता है। यज्ञ स्थल पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की आवाजाही शुरू हो जाती है, जो दिनभर पूजा-अर्चना, कथा श्रवण तथा धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लेते हैं। कार्तिकेय मन्दिर समिति अध्यक्ष बिक्रम सिंह नेगी ने बताया कि महायज्ञ के सफल संचालन के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, आवास तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। स्वयंसेवक श्रद्धालुओं की सेवा में निरंतर जुटे हुए हैं।
पुराण वाचन के दौरान कथावाचक वासुदेव प्रसाद थपलियाल द्वारा धर्म, संस्कृति, नैतिक मूल्यों तथा मानव जीवन के आदर्शों पर प्रकाश डाला जा रहा है। कथा श्रवण के लिए महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों की उल्लेखनीय उपस्थिति देखी जा रही है। श्रद्धालु भक्ति भाव से कथा का रसपान कर आध्यात्मिक ऊर्जा प्राप्त कर रहे हैं।
महायज्ञ व पुराण वाचन के आयोजन से कुमार लोक सहित आसपास के क्षेत्रों में भी विशेष धार्मिक उत्साह का माहौल बना हुआ है। स्थानीय व्यापारियों और ग्रामीणों में भी आयोजन को लेकर उत्साह है। पण्डित सुधीर नौटियाल ने कहा कि यज्ञ केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि प्रकृति, पर्यावरण और मानवता के कल्याण का माध्यम है। यज्ञ से सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है तथा समाज में सद्भाव, शांति और समृद्धि की भावना को बल मिलता है। इस मौके पर नगर पंचायत अध्यक्ष अगस्तमुनि राजेन्द्र प्रसाद गोस्वामी, प्रबंधक पूर्ण सिंह नेगी, उपाध्यक्ष उत्तराज नेगी, सचिव बलराम सिंह नेगी , दिनेश थपलियाल, आशुतोष भट्ट, श्रीकृष्ण गैरोला, नवीन काण्डपाल, दीपक चमोला , शुभाष भट्ट, अरविन्द भट्ट, आदित्य भट्ट सहित विभिन्न क्षेत्रों के हजारों श्रद्धालु मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!