उत्तराखंडधार्मिकफटाफट ख़बरेंरुद्रप्रयाग

मदमहेश्वर धाम के कपाट खोलने की प्रक्रिया 18 मई रविवार से शीतकालीन गद्दी स्थल ओकारेश्वर मन्दिर में विधिवत शुरू,

लक्ष्मण सिंह नेगी

ऊखीमठ। पंच केदारो में द्वितीय केदार के नाम से प्रसिद्ध भगवान मदमहेश्वर के कपाट खोलने की प्रक्रिया 18 मई रविवार से शीतकालीन गद्दी स्थल ओकारेश्वर मन्दिर में विधिवत शुरू होगी। मन्दिर समिति द्वारा कपाट खोलने की तैयारियां शुरू कर दी गयी है। भगवान मदमहेश्वर के कपाट खोलने को लेकर मदमहेश्वर घाटी के जनमानस में भारी उत्साह बना हुआ है तथा मानवीय आवागमन से यात्रा पड़ावों पर रौनक लौटने लगी है। मदमहेश्वर घाटी के जनमानस को उम्मीद है कि इस बार केदारनाथ धाम की तर्ज पर मदमहेश्वर धाम में भी तीर्थ यात्रियों की भारी संख्या में आवाजाही होगी।

जानकारी देते हुए मन्दिर समिति प्रशासनिक अधिकारी यदुवीर पुष्वाण ने बताया कि रविवार को द्वितीय केदार भगवान मदमहेश्वर के कपाट खोलने की प्रक्रिया शीतकालीन गद्दी स्थल ओकारेश्वर मन्दिर में विधिवत शुरू होगी। उन्होंने बताया कि रविवार को भगवान मदमहेश्वर की चल विग्रह उत्सव मूर्तियों को ओकारेश्वर मन्दिर के गर्भगृह से सभा मण्डप लाया जायेगा तथा स्थानीय श्रद्धालुओं द्वारा नये अनाज का भोग अर्पित किया जायेगा। उन्होंने बताया कि 19 मई को भगवान मदमहेश्वर की चल विग्रह उत्सव डोली शीतकालीन गद्दी स्थल ओकारेश्वर मन्दिर से रवाना होकर डगवाडी, ब्राह्मण खोली, मंगोलचारी, सलामी, फापज, मनसूना, राऊलैंक, उनियाणा सहित विभिन्न यात्रा पडावो पर भक्तों को आशीष देते हुए रात्रि प्रवास के लिए राकेश्वरी मन्दिर रासी पहुंचेगी तथा 20 मई को राकेश्वरी मन्दिर रासी से प्रस्थान कर अन्तिम रात्रि प्रवास के लिए गौण्डार गाँव पहुंचेगी। उन्होंने बताया कि 21 मई को भगवान मदमहेश्वर की चल विग्रह उत्सव डोली गौण्डार गाँव से प्रस्थान कर बनातोली, खटारा, नानौ, मैखम्भा, कूनचटटी यात्रा पड़ावों पर श्रद्धालुओं को आशीर्वाद देते हुए मदमहेश्वर धाम पहुंचेगी तथा डोली के धाम पहुंचने पर वेद ऋचाओं व विधि – विधान से भगवान मदमहेश्वर के कपाट ग्रीष्मकाल के लिए खोल दिये जायेगें! मदमहेश्वर यात्रा पड़ाव के व्यापारी व भगत सिंह पंवार, बीरेन्द्र पंवार ने बताया कि मदमहेश्वर यात्रा पड़ावों पर आवागमन होने से रौनक लौटने लगी है। मदमहेश्वर धाम के व्यापारी शिवानन्द पंवार ने बताया कि मदमहेश्वर धाम के कपाट खुलने की तिथि निकट आते ही यात्रा पडा़वो पर रौनक लौटने लगी है तथा स्थानीय व्यापारियो मे भारी उत्साह बना हुआ है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!