दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे उतारने का मामला, व्यापारियों में रोष एसडीएम के माध्यम से पुलिस अधीक्षक को भेजा ज्ञापन

लक्ष्मण सिंह नेगी
ऊखीमठ। नगर क्षेत्रांतर्गत बीती रात्रि मुख्य बाजार में अज्ञात लोगों द्वारा व्यापारियों के प्रतिष्ठानों पर लगे सीसीटीवी कैमरे उतारने की घटना से व्यापारियों में भारी रोष व्याप्त है। घटना को व्यापारियों ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न बताते हुए दोषियों के विरुद्ध तत्काल कठोर कार्रवाई की मांग की है। गुरुवार को व्यापारियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने उपजिलाधिकारी (एसडीएम) के माध्यम से पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन प्रेषित किया। ज्ञापन में कहा गया कि मुख्य बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरे व्यापारियों ने अपनी सुरक्षा तथा चोरी जैसी घटनाओं की रोकथाम के उद्देश्य से लगाए थे, लेकिन अज्ञात व्यक्तियों द्वारा रात के अंधेरे में कैमरे उतार दिए गए, जिससे व्यापारियों में असुरक्षा की भावना बढ़ गई है।
व्यापारियों ने मांग की कि मामले की निष्पक्ष एवं गहन जांच कर दोषियों की शीघ्र पहचान की जाए तथा उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। साथ ही बाजार क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने की भी मांग की गई। व्यापारियों का कहना है कि रात्रि के समय इस प्रकार की घटना घटित होने से पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था भी सवालों के घेरे में आ गयी है।
एसडीएम ने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि उनका ज्ञापन पुलिस अधीक्षक को तत्काल भेजा जाएगा तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए अवगत कराया जाएगा। व्यापारियों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। इस मौके पर व्यापार संघ अध्यक्ष राजीव भट्ट, महामंत्री महेश बर्त्वाल, मनवर सिंह नेगी, नवदीप नेगी, कैलाश पुष्वाण, महावीर नेगी, संगीता नेगी, महिपाल बजवाल, विजय पंवार सहित व्यापार संघ के पदाधिकारी, सदस्य व व्यापारी मौजूद थे।



