नगर पंचायत ऊखीमठ में फैली समस्याओं से जिलाधिकारी को करवाया रूबरू, निराकरण की मांग

लक्ष्मण सिंह नेगी
ऊखीमठ। नगर पंचायत अध्यक्ष कुब्जा धर्म्वाण के नेतृत्व मे सभासदो के शिष्टमंडल ने नवनियुक्त जिलाधिकारी प्रतीक जैन से शिष्टाचार भेंट कर उनका अभिनन्दन किया तथा नगर क्षेत्रान्तर्गत फैली विभिन्न समस्याओ से रूबरू करवाया, साथ ही उनके निराकरण की मांग की। जिलाधिकारी प्रतीक जैन ने शिष्टमंडल को आश्वासन देते हुए कहा कि नगर क्षेत्रान्तर्गत फैली हर समस्या के निराकरण की पहल की जायेगी।
नगर पंचायत अध्यक्ष कुब्जा धर्म्वाण के नेतृत्व मे सभासदो के शिष्टमंडल ने जिलाधिकारी प्रतीक जैन को अवगत कराते हुए कहा कि केदार घाटी सहित विभिन्न क्षेत्रो मे लम्बे समय से विधुत कटौती की समस्या बनी हुई है तथा अघोषित विधुत कटौती से भगवान केदारनाथ के शीतकालीन गद्दीस्थल ओकारेश्वर मन्दिर मे ब्रह्म वेला व संध्या वेला पर होने वाला वेदपाठ, नौनिहालो का पठन – पाठन, विद्युत व्यवसाय से जुड़े व्यापारियो का व्यवसाय खासा प्रभावित हो रहा है तथा सीमान्त गांवो से ग्रामीण अपने निजी कार्यो के लिए तहसील व ब्लॉक मुख्यालय पहुंचते है मगर दिन भर बिजली गुल रहने से ग्रामीणो को बैरंग लौटना पड़ता है। शिष्टमंडल ने जिलाधिकारी को अवगत कराते हुए कहा कि नगर क्षेत्र मे लम्बे समय से बन्दरो का आतंक बना हुआ है तथा इन दिनो ओकारेश्वर वार्ड के मंगोली गांव मे शाम ढलते ही गुलदार का बेखौफ घूमने से ग्रामीणो मे दहशत का माहौल बना हुआ है। शिष्टमंडल ने अवगत कराया कि पूर्व मे स्वीकृत ऊखीमठ – मंगोली मोटर मार्ग का निर्माण कार्य अभी तक शुरू नही हो पाया है जबकि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ऊखीमठ मे लम्बे समय से उचित संसाधनो का अभाव बना हुआ है। शिष्टमंडल ने जिलाधिकारी से मंगोली गांव के ऊपरी पहाड़ी पर तडी चातक यंत्र लगाने की मांग की। शिष्टमंडल मे सभासद बलवीर पंवार, प्रदीप धर्म्वाण, सरला रावत, पूजा देवी मौजूद थे।



