केदारघाटी में गुलदार का आतंक, पांच मवेशियों की ली जान, क्षेत्र में दहशत का माहौल

केदारघाटी में गुलदार का आतंक, पांच मवेशियों की ली जान, क्षेत्र में दहशत का माहौल
ब्यूरो। केदारघाटी में गुलदार का आतंक थम नहीं रहा है। गत सोमवार की देर रात्रि को दो अलग अलग घटनाओं में गुलदार ने गौशाला का दरवाजा तोड़ पांच मवेशियों को निवाला बना दिया।
बता दें कि केदारघाटी में गत सोमवार की देर रात्रि को बड़ासू गांव में आलम सिंह बगड़वाल की गौशाला का दरवाजा तोड़ गौशाला में बंधे दो बैल और एक गाय व एक बछिया को गुलदार ने निवाला बना दिया। वहीं दूसरी घटना शेरसी गांव के गैर तोक निवासी नरेंद्र सिंह रावत की गौशाला का दरवाजा तोड़ भीतर बंधी गाय को गुलदार ने मार कर बछिया को गंभीर घायल कर दिया। इन घटनाओं से क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। दोनों घटनाओं में पशु स्वामियों ने बताया कि प्रातः जब गौशाला की ओर गए तो मंजर देख हैरत में पड़ गए। वहीं घटना की सूचना तत्काल वन विभाग को दे दी गई। घटना की सूचना मिलते ही वन कर्मी मौके पर पहुंचे। स्थानीय निवासी जितेंद्र सेमवाल ने बताया कि क्षेत्र में पूर्व में भी गुलदार ने मवेशियों को निवाला बनाया था जिस पर विभाग ने कोई सबक नहीं लिया और आज फिर बड़ासू ओर शेरसी में दो अलग अलग घटनाओं में पांच मवेशियों की जान चली गई। उन्होंने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त करने एवं गुलदार को पकड़ने की मांग की है। उन्होंने कहा कि वन कर्मियों के साथ पशु पालन विभाग को भी मौके पर भेजा जाय जिस से समय पर घायल पशु को उपचार मिले। साथ ही उन्होंने विभाग से प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा देने की भी मांग की है।



