उत्तराखंडफटाफट ख़बरेंरुद्रप्रयाग

जनता की शिकायतों को गंभीरता से लें अधिकारी : जिलाधिकारी,  जनसंवाद कार्यक्रम में 31 शिकायतें दर्ज, 19 का मौके पर निस्तारण

प्राप्त शिकायतों को सभी अधिकारी गंभीरता से लें तथा संवेदनशीलता के साथ दायित्वों का निर्वहन करते हुए तत्परता से समस्याओं का निस्तारण करना सुनिश्चित करें

रूद्रप्रयाग। जिलाधिकारी सौरभ गहरवार की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें विभिन्न विभागों से जुड़ी 31 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें से 19 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष समस्याओं को समाधान हेतु त्वरित निस्तारण हेतु संबंधित विभागों को प्रेषित किया गया।
आयोजित जन संवाद जनता मिलन कार्यक्रम के दौरान तुलंगा निवासी जसपाल राणा ने अपनी समस्या दर्ज कराते हुए बताया कि उनके द्वारा बीएसएनएल में किए गए कार्य का भुगतान नहीं हो पाया है जिसके लिए उन्होंने आवश्यक कार्यवाही किए जाने की मांग की। तुलंगा के ही विक्रम सिंह ने मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना में गांव में सड़क निर्माण किए जाने की मांग की। ग्वाड़ थापली के वीरेंद्र सिंह ने राष्ट्रीय राजमार्ग के समीप गुलाबराय बस्ती में सड़क किनारे नालियों के निर्माण तथा सुमाड़ी निवासी लक्ष्मी प्रसाद डिमरी ने सुमाड़ी से जिला मुख्यालय को आ रही पेयजल लाइन के पुराने क्षतिग्रस्त पाइपों को बदलने की मांग की। सौड़ खुरड़ के कमल सिंह द्वारा किसान सम्मान निधि न मिलने तथा जरम्वाड़ गांव के विजयपाल कठैत द्वारा विगत छह माह से पेयजल आपूर्ति न होने की समस्या से अवगत कराया गया।
इस तरह आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में कुल 31 शिकायतें दर्ज की गई जिनमें 19 शिकायतों का मौके पर ही निराकरण कर दिया गया। जबकि शेष शिकायतों का निस्तारण करने हेतु संबंधित विभागों को प्रेषित किया गया।
जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि जन संवाद कार्यक्रम में जो भी शिकायतें प्राप्त हो रही हैं उन शिकायतों को सभी अधिकारी गंभीरता से लें तथा समयबद्धता के साथ दर्ज शिकायतों का निराकरण करना सुनिश्चित करें। जिन शिकायतों के लिए स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं उनका निर्धारित समय के अंतर्गत स्थलीय निरीक्षण करते हुए समस्या का समाधान करना सुनिश्चित करें। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही एवं शिथिलता न बरती नहीं जाए। यदि किसी अधिकारी द्वारा किसी भी तरह से शिथिलता बरती जाती है तो उनके विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने यह भी निर्देश दिए हैं कि दर्ज शिकायतों के बारे में जो भी कार्यवाही की जाती है तो संबंधित शिकायतकर्ता एवं जिला कार्यालय को इसकी जानकारी उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि किसी भी आम जनमानस एवं किसी भी कर्मचारी की कोई समस्या एवं भुगतान संबंधित कोई भी प्रकरण लंबित है तो उसे संवेदनशीलता के साथ उसका निराकरण करना सुनिश्चित करें जिससे कि संबंधित को उसका त्वरित लाभ उपलब्ध हो सके।
जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री पोर्टल पर दर्ज शिकायतों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने बताया कि एल-1 स्तर पर 150 और एल-2 स्तर पर 16 शिकायतें लंबित हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन सभी शिकायतों का शीघ्र निस्तारण किया जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
इस अवसर पर उप वन संरक्षक कल्याणी, मुख्य विकास अधिकारी डाॅ. जीएस खाती, अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा, उपजिलाधिकारी रुद्रप्रयाग आशीष घिल्डियाल, पुलिस उपाधीक्षक विकास पुंडीर, जिला विकास अधिकारी अनीता पंवार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम प्रकाश, जिला कार्यक्रम अधिकारी अखिलेश मिश्र, अधिशासी अभियंता लोनिवि इंद्रजीत बोस, जल निगम नवल कुमार, जल संस्थान अनीश पिल्लई, तहसीलदार जखोली बीएल शाह, प्रभारी शिकायत प्रकोष्ठ विनोद कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!