दुकानों में रेट लिस्ट एवं सफाई का रखें ध्यान, गौरीकुंड के व्यापारियों की बैठक हुई आयोजित

दुकानों में रेट लिस्ट एवं सफाई का रखें ध्यान, गौरीकुंड के व्यपारियों की बैठक हुई आयोजित।
रुद्रप्रयाग/केदारघाटी। श्री केदारनाथ धाम यात्रा के मुख्य पड़ाव गौरीकुंड में शनिवार को व्यपार मंडल अध्यक्ष रामचन्द्र गोस्वामी की अध्यक्षता में यात्रा सीजन की पहली बैठक आहूत की गई। बैठक में सभी व्यपारियों को निर्देशित किया गया कि केदारनाथ धाम आने वाले सभी तीर्थ यात्रियों का स्वागत करें एवं मधुर व्यवहार का परिचय दें।
वहीं बैठक में सफाई व्यवस्था एवं कूड़ा निस्तारण की उचित व्यवस्था हेतु कहा गया। यात्रा सीजन में सभी व्यापारियों को अपने प्रतिष्ठान में कूड़ादान रखने एवं रेटलिस्ट अवश्य लगाने हेतु निर्देशित किया गया। व्यपारियों को किसी अनहोनी से बचाव हेतु दुकान का बीमा भी करने की सलाह दी गई।
वहीं प्लास्टिक उन्मूलन हेतु प्लास्टिक बोतलों पर बार कोड लगाने के लिए प्रेरित किया गया, तथा सभी दुकान एवं रेस्टोरेंट स्वामियों को क्यूआर कोड लगी पानी की बोतलें विक्रय करने हेतु कहा गया।
इसके साथ ही व्यापार मंडल अध्यक्ष ने सभी व्यापारियों / स्थानीय एवं नेपाली मूल के सभी को गौरीकुंड में मांस व दारू का सेवन न करने को कहा साथ ही जिस व्यापारी के यहां अनैतिक समान पकड़ा जाएगा, उस से दुकान खाली करवा दी जाएगी साथ ही उसके विरुद्ध उचित कार्यवाही होना बताया गया।
सभी व्यापारियों ने बैठक में प्रस्तावित बिंदुओं पर अपनी सहमति दी।
वहीं व्यापारियों द्वारा बताया गया कि गौरीकुंड में प्रशासन के द्वारा पानी की निकासी हेतु उचित व्यवस्था नही की गई है, जिसमें सुधार करवाने की मांग की गई।
इस अवसर पर व्यापार मंडल उपाध्यक्ष सुशील गोस्वामी, महामंत्री मुकेश गोस्वामी, प्रकाश गोस्वामी गौरीशंकर गोस्वामी, राजेश गोस्वामी, संजय गोस्वामी, अनूप गोस्वामी, कैलास गोस्वामी सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।



