उत्तराखंडफटाफट ख़बरेंराष्ट्रीयसुरक्षा

एसपी रुद्रप्रयाग ने प्रेस वार्ता कर दी यात्रा से जुड़ी जानकारी, सफल रहा पुलिस का ऑपरेशन मुस्कान 355 बिछड़े लोगों को मिलाया

एसपी रुद्रप्रयाग ने प्रेस वार्ता कर दी यात्रा से जुड़ी जानकारी, सफल रहा पुलिस का ऑपरेशन मुस्कान 355 बिछड़े लोगों को मिलाया

रूद्रप्रयाग। श्री केदारनाथ धाम यात्रा में इस वर्ष रिकार्ड तीर्थयात्रियों ने दर्शन किए। यात्रा को संपन्न होने में अभी पांच दिनों का समय शेष रह गया है, ऐसे में पुलिस द्वारा इस वर्ष की गई व्यवस्थाओं और कार्यों को लेकर जुड़ी जानकारी साझा की है। पुलिस अधीक्षक डाॅ0 विशाखा अशोक भदाणे ने  पत्रकार वार्ता में केदारनाथ यात्राकाल में अब तक के पुलिस प्रबन्धन व पुलिस द्वारा किये गये कार्यों की जानकारी दी।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय में प्रेस वार्ता के दौरान एसपी डा विशाखा ने बताया कि इस वर्ष 25 अप्रैल को केदारनाथ धाम के कपाट देश-विदेश के श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोले गए हैं। जबकि आगामी 15 नवंबर को केदारनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद होंगे। करीब 7 माह की केदारनाथ धाम यात्रा अवधि में कुछ चुनौतियां भी आयीं परन्तु इनसे बहुत कुछ सीखने को भी मिला। इस दौरान नियुक्त पुलिस बल ने पूर्ण मनोयोग से अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया गया है। आज की तिथि तक कुल 19,45,971 श्रद्धालुओं ने श्री केदारनाथ धाम के दर्शन कर लिए हैं। तकरीबन 15,88,56 यात्री वाहन इस दौरान जनपद में आये हैं।

इस बार की यात्रा में रुद्रप्रयाग पुलिस के स्तर से “ऑपरेशन मुस्कान” प्रारम्भ किया गया जिसके तहत केदारनाथ धाम आये श्रद्धालुओं को उनके परिजनों से मिलवाने, मोबाइल फोन खाने पर वापस दिलाने, जरूरी सामग्री खोने पर वापस दिलाने की कार्यवाही की गयी। इस दौरान पुलिस द्वारा कुल 355 बिछड़े हुए व्यक्ति मिलवाये, 125 खोये हुए मोबाइल फोन ढूंढकर वापस दिलाये गये, 160 अन्य जरूरी सामान/कीमती सामान वापस दिलाया गया है।

पुलिस के स्तर से 07 खोया पाया केन्द्र जिनमें से 02 केदारनाथ, 01 चौकी लैंचोली, 01 भीमबली, 01 गौरीकुण्ड, 02 सोनप्रयाग में स्थापित किये गये। इन केन्द्रों पर 01 महिला व 01 पुरुष पुलिस कार्मिकों की तैनाती की गयी।

यात्रा में आये विभिन्न राज्यों से आये श्रद्धालुओं को उनकी भाषा में समझने हेतु निर्देशों सम्बन्धी मल्टीलिंग्वल बोर्ड/फ्लैक्सी कुल 05 भाषाओं में (हिन्दी, अंग्रेजी, तमिल, मराठी, गुजराती) में तैयार कर अलग-अलग स्थानों पर लगवाये गये।

इस वर्ष की यात्रा प्रारम्भ होने पर केदारनाथ यात्रा हैल्पलाइन नम्बर (7579257572) जारी किया गया है, जिस पर अब तक कुल 1850 कॉल्स प्राप्त हुई हैं, जिन पर यात्रा कन्ट्रोल रूम में नियुक्त कार्मिकों द्वारा आवश्यक जानकारी व मदद उपलब्ध करायी गयी है।

इस वर्ष की यात्रा के चरमकाल (पीक में) कुल 03 पुलिस उपाधीक्षक, 11 निरीक्षक, 26 उपनिरीक्षक, 11 महिला उपनिरीक्षक, 30 अपर उपनिरीक्षक, 240 मुख्य आरक्षी, 210 आरक्षी, 55 महिला आरक्षी, 63 होमगार्ड, 213 पीआरडी, 01 कम्पनी 02 प्लाटून पीएसी, 08 सबटीम एसडीआरएफ, 06 यूनिट फायर सर्विस व 01 सैक्शन जल पुलिस की तैनाती रही।

प्रचलित यात्रा काल में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कुल 230 पुलिस कार्मिकों को पुलिस अधीक्षक के स्तर से सम्मानित किया गया है। 15 अगस्त 2023 के अवसर पर 02 पुलिस उपाधीक्षक, 02 उपनिरीक्षक व 01 आरक्षी सराहनीय सेवा सम्मान चिन्ह से सम्मानित हुए हैं।

प्रचलित यात्रा के साथ ही पुलिस के स्तर से अपराध पर प्रभावी नियंत्रण रखा गया, विशेषकर अवैध शराब की शिकायतों पर पुलिस के स्तर से निरन्तर कार्यवाही की गयी। पुलिस के स्तर से आबकारी अधिनियम के कुल 103 अभियोग पंजीकृत किये गये हैं, जिनमें से 131 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है, कुल 4750 बोतल शराब, 72 बीयर व 5 लीटर कच्ची शराब की बरामदगी की गयी है। जिसका अनुमानित मूल्य ₹ 28,50,780 है। एनडीपीएस एक्ट के 08 अभियोग पंजीकृत, 09 अभियुक्तों की गिरफ्तारी, 1.420 कि0ग्रा0 चरस व 4.71 ग्राम स्मैक की बरामदगी की गयी है। हैलीकॉप्टर टिकटों के नाम पर होने वाली ठगी के कुल 08 अभियोग पंजीकृत अब तक 05 गिरफ्तार किये जा चुके हैं।

पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग द्वारा अवगत कराया गया कि इस बार की यात्रा के अनुभवों को भविष्य के लिए कार्यालय स्तर पर अभिलेखीकरण भी किया जा रहा है, ताकि आगामी समय में नियुक्त होने वाले पुलिस बल इन अनुभवों का अवलोकन कर अपनी तैयारियों को आसान बना सकें।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!