केदारनाथ पैदल मार्ग से बर्फ हटाने का कार्य 15 मार्च से होगा शुरू

केदारनाथ पैदल मार्ग से बर्फ हटाने कार्य 15 मार्च से होगा शुरू
ब्यूरो। पहाड़ों में बीते दिनों हुई हल्की बर्फबारी ओर बारिश के बाद अब मौसम खुशनुमा बना हुआ है, आमजनों की दिनचर्या फिर सामान्य होने लगी है। जनपद में स्थित विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम में बर्फबारी के बाद धाम का दृश्य दिव्य बना हुआ है। माइनस डिग्री सेल्सियस तापमान में भी आईटीबीपी ओर जनपद पुलिस के जवान अपनी ड्यूटी में तैनात हैं। धाम सहित पैदल मार्ग पर अभी बर्फ बनी हुई है। इन दिनों धाम में पुनः निर्माण के सभी कार्य बंद किए गए हैं। वहीं आगामी दिनों में जिला प्रशासन ने यात्रा तैयारियों को लेकर कमर कस ली है। केदारनाथ पैदल मार्ग पर जमी बर्फ को 15 मार्च से हटाने का कार्य प्रारंभ किया जाएगा।
दरअसल , इस वर्ष चारधाम यात्रा का शुभारंभ अप्रैल माह में ही हो रहा है। आमतौर पर केदारनाथ धाम के कपाट मई के प्रथम सप्ताह में खुलते हैं। लेकिन इस वर्ष 22 अप्रैल को श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए जाएंगे। कपाट खुलने को लेकर जिला प्रशासन को समय से व्यवस्थाएं दुरुस्त करनी हैं। साथ ही पुनः निर्माण के कार्यों भी गतिमान हैं जिन्हें प्रारंभ किया जाना है। ऐसे में श्रमिकों की आवाजाही एवं निर्माण सामग्री पहुंचाना पैदल मार्ग से बर्फ हटाना आवश्यक है। डीडीएमए के अधिशासी अभियंता राघवेंद्र सिंह ने बताया कि बड़ी लिनचोली से धाम तक करीब पांच किमी पैदल मार्ग पर बर्फ जमी हुई है। हालांकि इस वर्ष धाम में अपेक्षाकृत कम बर्फबारी हुई है। फिर भी मार्ग पर आवाजाही हेतु 15 मार्च से बर्फ हटाने का कार्य शुरू किया जाएगा। मार्ग पर बर्फ हटाने के बाद ही पुनः निर्माण के कार्य प्रारंभ किए जाएंगे।



