
राईका फाटा में इंद्रमणि बडोनी के जन्मोत्सव पर क्विज प्रतियोगिता का आयोजन
रूद्रप्रयाग। उत्तराखंड के गांधी इंद्रमणि बडोनी के जन्मदिवस को राजकीय इंटर कालेज फाटा में लोक संस्कृति दिवस के रूप में मनाया गया। जिसमें क्विज प्रतियोगिता के साथ ही रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।
गढ़वाल के गांधी इंद्रमणि बडोनी के जन्मदिन को राजकीय इंटर कालेज फाटा में लोक संस्कृति दिवस के रूप में आयोजित किया गया, साथ ही प्यारेलाल पावर इंजीनियरिंग प्राइवेट लिमिटेड की ओर से स्कूल में सामान्य ज्ञान क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई। जिसमें बतौर मुख्य अतिथि प्यारेलाल पावर इंजीनियरिंग प्राइवेट लिमिटेड के एमडी अमित मैंखंडी विशिष्ट अतिथि रघुवीर सिंह शाह, अतिविशिष्ट अतिथि प्रवीण मैंखंडी, कार्यक्रम अध्यक्ष प्रधानाचार्य श्रीमती शुभलक्ष्मी सेमवाल सहित कार्यक्रम में पहुंचे सभी अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर में स्कूली छात्राओं द्वारा मां सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर स्वागत गान सुनाकर अतिथियों का स्वागत किया गया। वहीं विद्यालयी छात्राओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। कार्यक्रम में विद्यालयी शिक्षक वीपी सेमवाल, केसरी प्रसाद तिवारी एवं प्रियंका गोस्वामी द्वारा मांगल गीत प्रस्तुत किया गया। छात्राओं द्वारा माधो सिंह भंडारी पर सुंदर नृत्य प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में छात्रा जाह्नवी जमलोकी ने गढ़वाली में स्वरचित कविता सुनाकर दर्शकों को गदगद कर दिया।
कार्यक्रम अध्यक्ष प्रधानाचार्य शुभलक्ष्मी सेमवाल कहा कि आज गढ़वाल के गांधी इंद्रमणि बडोनी का जन्मोत्सव है जिसे पूरे प्रदेश में लोक संस्कृति दिवस के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने स्व बडोनी की जीवनी तथा उनके समाज में किए कार्यों संघर्षों के बारे में बताया। साथ ही उनके कार्यों को आदर्श मानते हुए आगे बढ़ना चाहिए बताया। उन्होंने कार्यक्रम में पहुंचे सभी अतिथियों का आभार प्रकट किया। मुख्य अतिथि अमित मैंखंडी ने कहा कि आज का दिन हम सभी के लिए गौरवान्वित करने वाला पल है, हम सभी आज गढ़वाल के गांधी आदरणीय स्व इंद्रमणि बडोनी के जन्मदिन को लोक संस्कृति के रूप में मना रहे हैं, इस प्रकार के आयोजन हमें अपनी संस्कृति से रूबरू कराते हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों को किताबी शिक्षा के साथ ही उन्हें सामाजिक ज्ञान भी आवश्यक है। उन्होंने विद्यालय हेतु समग्र शिक्षा में सहयोग देने का आश्वासन किया साथ ही इंटर स्तर पर निर्धन छात्र छात्राओं में प्रतिभावान छात्र को पढ़ाई हेतु सहयोग का भी आश्वासन दिया। विशिष्ट अतिथि रघुवीर सिंह शाह ने कहा कि लोक संस्कृति का यह आयोजन हमें अपनी संस्कृति हमारी सभ्यता से रूबरू कराता है। इस प्रकार के आयोजन बच्चों को अपनी संस्कृति से जोड़े रखते हैं। वहीं कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों द्वारा संबोधन किया गया। कार्यक्रम का संचालन अध्यापक केसरी प्रसाद तिवारी ने किया।

क्विज प्रतियोगिता का संचालन कर रहे शिक्षक दर्शन सिंह पंवार ने बताया कि मुख्यअतिथि अमित मैंखंडी द्वारा स्कूल में क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई। जिसमें जूनियर वर्ग में आयुष्मान प्रथम , नमन द्वितीय, शिवम् ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं सीनियर वर्ग में श्रृष्टि प्रथम स्थान को इक्कीस सौ रूपये व ट्रॉफी, साक्षी द्वितीय को ग्यारह सौ रुपए व ट्रॉफी, अंबिका तृतीय पांच सौ रुपए व ट्रॉफी के साथ प्रतीक चतुर्थ को नगद राशि व ट्रॉफी दी गई।
इस अवसर पर पीटीए अध्यक्ष जसपाल राणा, सम्राट राणा, अंजुल जुगरान, जगदीश नेगी, जगत सिंह रमोला, ,विनोद अन्थवाल सहित विद्यालयी शिक्षक एवं छात्र छात्राएं मौजूद रहे।




